Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शहर की बेशकीमती भूमि बेचने पर लगे रोक

  • भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    शहर की बेशकीमती भूमि बेचने के लिए नगर परिषद को रोकने एवं स्पिनिंग मिल को शीघ्र शुरू करने सहित 15 सूत्री मांगों को लेकर भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने एक सप्ताह में समस्याओं का समाधान न होने पर जिला कलक्ट्रेट के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस दौरान पार्टी सचिव रामकुमार ने बताया कि हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय की समस्याएं लम्बे अर्से से लम्बित हैं। जिन पर सरकार की ओर से विधानसभा चुनावों से पूर्व की गई घोषणा को अमल में नहीं लाया गया है। उन्होंने मांग की कि नगर परिषद को शहर की भूमि बेचने के लिए रोका जाए क्योंकि नगर परिषद की ओर से पिछले दिनों से लगातार बेशुमार भूमि का बेचान किया जा चुका है। स्पिनिंग मिल को शीघ्र शुरू किया जाए तथा स्पिनिंग मिल के शेष श्रमिकों को जिस विभाग में अस्थाई रूप से लगाया गया है उन्हें उसी स्थान पर समायोजित किया जाए। रिले केन्द्र के पास कैनाल कॉलोनी के सैटलाइट 50 बेड के अस्पताल के लिए आवंटित भूमि पर हॉस्पिटल का निर्माण शुरू करवाया जाए। शहरी क्षेत्र में नरेगा योजना लागू कर बेरोजगारों को रोजगार दिलाया जाए। नरेगा श्रमिकों को एक वर्ष में 150 दिन कार्य सरकार के चुनावी घोषणा अनुसार देकर मजदूरी 500 रुपए प्रतिदिन की जाए। फसल बीमा योजना के क्लेम का शीघ्र भुगतान करवाया जाए तथा बारिश के कारण खराब हुई नरमे की फसल का सर्वे कर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलवाया जाए। एमएसपी कानून बनाया जाए तथा स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू की जाए। खाद्य सुरक्षा में जरूरतमंद परिवारों के नाम जोड़े जाएं तथा केन्द्र सरकार की ओर से खाद्य वस्तु पर लगाई जीएसटी वापस ली जाए। गैस सिलेंडर व पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने, सहकारी क्षेत्र में शुगर मिल लगाने, नाली बेल्ट को राइस बैल्ट घोषित करने तथा चावल की सरकारी खरीद करने आदि की मांग ज्ञापन में करते हुए कहा गया कि इससे पूर्व भी पार्टी की ओर से बार-बार अन्य इन समस्याओं को लेकर लिखित में अवगत करवाया गया लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अगर अब भी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी सहित अन्य जनसंगठनों की ओर से 8 सितम्बर को जिला कलक्ट्रेट के समक्ष सांकेतिक धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर राजेश कुमार, चानणराम वर्मा, सुनील कुमार, यूसफ, मक्खन शाह, लीला, सरोज, माया, राधा, सुलोचना आदि मौजूद थे।