शहर के प्रवेश स्थल की सुंदरता में चार चांद लगाएगा किसान पार्क
by seemasandesh
लगेंगे कंधे पर हल रखे किसान व दो बैलों की जोड़ी सहित किसान के स्टेच्यु, जय जवान जय किसान लिखे सेल्फी पॉइंट का कार्य प्रगति पर
पार्क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में, 14 अप्रैल को बैसाखी के दिन होगा लोकार्पण हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नगर परिषद की ओर से शहरवासियों को किसान पार्क के रूप में एक और सौगात दी गई है। सूरतगढ़ रेलवे फाटक के पास जंक्शन शहर के प्रवेश स्थल पर किसान पार्क का चल रहा निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इस जगह पहले गंदगी का साम्राज्य था। अब नगर परिषद की ओर से किसान पार्क के रूप में विकसित कर इस जगह की सूरत बदली गई है। किसान पार्क में कंधे पर हल रखे किसान का स्टेच्यु लगाया जाएगा। साथ ही जय जवान जय किसान लिखा सेल्फी पॉइंट बनाया गया है। इस पार्क का निर्माण केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किए गए किसान आन्दोलन में जान गंवाने वाले किसानों की स्मृति के रूप में करवाया गया है। अब जल्द ही किसान पार्क शहर के प्रवेश स्थल की सुंदरता में चार चांद लगाता नजर आया। इस पार्क का विधिवत लोकार्पण 14 अप्रैल को बैसाखी के दिन होगा। गुरुवार को नगर परिषद की निर्माण समिति के अध्यक्ष व पार्षद सुमित रणवां ने पार्क का निरीक्षण किया। रणवां ने बताया कि सूरतगढ़ रेलवे फाटक के पास लाइनों के साथ-साथ जहां वार्ड नम्बर 8, 9, 13 व 14 आपस में मिलते हैं। इस जगह आसपास के लोग कूड़ा-कचरा फेंकते थे। इस कारण जगह गंदगी का साम्राज्य था। नगर परिषद ने इस जगह को किसान पार्क के रूप में विकसित करने के लिए ग्रिल व जाली लगाकर चारों तरफ से बन्द किया गया। इस जगह को हरा-भरा कर कृषि कानूनों के खिलाफ चले किसान आन्दोलन में शहीद हुए किसानों की याद में किसान शहीद स्मारक का निर्माण किया गया है। पार्क में दो स्टेच्यु लगाए जाएंगे। एक स्टेच्यु कंधे पर हल रखे किसान का होगा जबकि दूसरा स्टेच्यु बैलों की जोड़ी व किसान का लगाया जाएगा। मूर्तियां लग चुकी हैं। जय जवान जय किसान के नाम का सेल्फी पॉइंट बनाने का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। तीन जवानों का स्टेच्यु भी लगाया गया है। इसके अलावा यहां घूमने आने वाले नागरिकों के बैठने के लिए कुर्सियां लगवाई जाएंगी। घास, पौधे लगाए गए हैं। लाइटिंग व जाली लगाने का कार्य करवाया गया है। इस जगह को भव्य और सुन्दर रूप देने का प्रयास किया गया है ताकि शहर के प्रवेश स्थल पर स्थित यह जगह शहर या जिले से बाहर से आने वाले नागरिकों के आकर्षण का केन्द्र बने। साथ ही किसानों को भी यह आभास हो कि यह शहर उन्हें भूला नहीं है। रणवां ने बताया कि गंदगी के माहौल में सफाई होने से आसपास के नागरिक भी खुश हैं। करीब दो माह में किसान पार्क का निर्माण पूरा हुआ है। 14 अप्रैल को बैसाखी के दिन शाम को विधायक चौधरी विनोद कुमार की ओर से यह पार्क किसानों को समर्पित कर दिया जाएगा। लोकार्पण कार्यक्रम में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंंत्रित किया जाएगा। 14 अप्रैल से यह पार्क आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसान पार्क को विकसित करने में करीब 15 लाख रुपए की लागत आई है।