जिले में पहली बार हो रहे आयोजन कोे लेकर समाज के नागरिकों में उत्साह का माहौल हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। शाक्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन 26 जून को किया जाएगा। सुबह दस बजे शुरू होने वाला समारोह जंक्शन के महाराजा अग्रसेन पैलेस में आयोजित होगा। शाक्य महासभा संस्था और अखिल भारतीय शाक्य महासभा के बैनर तले आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए समाज के नागरिकों को घर-घर जाकर निमंत्रण दिया जा रहा है। समारोह में राजस्थान के अलावा हरियाणा व पंजाब में रहने वाले शाक्य समाज के वे विद्यार्थी जिन्होंने दसवीं-बारहवीं सहित उच्चतर शिक्षा में अव्वल प्रदर्शन किया है, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही इन राज्यों के शाक्य समाज के वे नागरिक जो विभिन्न पदों पर सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें व खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का भी सम्मान किया जाएगा। समारोह में रघुवीर सिंह शाक्य, डॉ. बीएल शाक्य, प्राध्यापिका जगदेश्वरी शाक्य, इंजीनियर देवेन्द्र कुमार, डॉ. अशोक कुमार, राकेश शाक्य, डॉ. सोहनलाल शाक्य सहित 18 विशिष्ट अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथियों को अपनी धर्मपत्नी के साथ आमंत्रित किया गया है। समाज के अमरजीत सिंह शाक्य के अनुसार समारोह में शाक्य समाज के 300 से 400 की संख्या में अधिकारियों-कर्मचारियों के पहुंचने की उम्मीद है। शाक्य समाज की ओर से हनुमानगढ़ जिले में पहली बार आयोजित किए जा रहे इस तरह के सम्मान समारोह को लेकर समाज के नागरिकों में उत्साह का माहौल है। प्रधान रविन्द्र कुमार शाक्य, पूर्व प्रधान गंगासिंह, सचिव प्रदीप शाक्य, ओमप्रकाश शाक्य आदि की ओर से शनिवार को समाज के नागरिकों को सम्मान समारोह के लिए निमंत्रण दिया गया।