Friday, July 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शाहजहांपुर के लिए 5 फरवरी को रवाना होगा किसानों का जत्था

  • किसान संगठनों ने शुरू किया एक नेता 5 गांव अभियान, अनाज मण्डी से जाएगा दल
    श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। शाहजहांपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए इलाके के किसानों का एक बड़ा जत्था 5 फरवरी को रवाना होगा। इसके लिए किसान संगठनों ने जिले के में एक नेता 5 गांव अभियान शुरू किया है। इसके तहत किसान संगठनों के पदाधिकारी गांव में जाकर सभाएं कर रहे हैं। ग्रामीण किसान मजदूर समिति (जीकेएस) के प्रवक्ता संतवीरसिंह मोहनपुरा, किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष अमरसिंह बिश्नोई, अखिल भारतीय किसान सभा के प्रवक्ता और बार संघ के अध्यक्ष विजय रेवाड एडवोकेट, जय किसान आंदोलन के संयोजक रमन रंधावा तथा गुरुद्वारा सिंह सभा के गुरविंदर सिंह ने इसे लेकर सोमवार को प्रेस वार्ता की। इसमें उन्होने बताया कि 5 फरवरी को स्थानीय नई अनाज मंडी से यह जत्था रवाना होगा। किसान नेताओं ने कहा कि 26 जनवरी की घटना, किसान नेता राकेश टिकैत की अपील से आंदोलन पहले से ज्यादा मजबूती के साथ बढ रहा है। टिकरी, सिंधु और गाजीपुर बॉर्डर सहित नई दिल्ली को कई स्थानों पर किसानों ने अब पहले से ज्यादा मजबूती के साथ घेर लिया है। जयपुर-नई दिल्ली हाईवे 8 पर शाहजहांपुर में कई दिनों से चल रहे पड़ाव पर बहुतायत संख्या श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के किसानों की है। इस पड़ाव को मजबूत करने के लिए अब इन्हीं दो जिलों से और किसानों को रवाना किया जा रहा है। शाहजहांपुर पड़ाव को ज्यादा मजबूत करने की आवश्यकता है। एक नेता 5 गांव अभियान के तहत जिले के लगभग सभी गांवों में किसान संगठनों के पदाधिकारी पहुंच रहे हैं। किसान नेताओं ने दावा किया कि 5 फरवरी को अनाज मंडी से 500 से अधिक किसानों का जत्था रवाना होगा।
    किराया दे सकते हैं तो अन्यथा ना दे
    प्रवक्ता संतवीर सिंह मोहनपुरा और रमन रंधावा ने बताया कि 3 सदस्य समिति बनाई गई है। समिति के तत्वावधान में 5 फरवरी के बाद रोजाना श्रीगंगानगर से एक बस भी शाहजहांपुर के लिए रवाना हुआ करेगी। इसमें जाने वाले किसान अगर किराया दे सकते हैं तो अदा करें।अगर कोई नहीं किराया दे सकता तो किसान संगठन किराया वहन करेंगे। यह बस रोजाना शाम को श्रीगंगानगर से कहां से रवाना होगी इसकी सूचना जल्दी ही दे दी जाएगी। शाहजहांपुर से भी रोजाना एक बस वापिस श्रीगंगानगर के लिए आएगी। अमरसिंह बिश्नोई ने बताया कि एक नेता 5 गांव अभियान का परिणाम यह रहा कि श्रीकरणपुर तहसील क्षेत्र के कई गांवों से लोग शाहजहांपुर जाने के लिए तैयार हुए हैं। विजय रेवाड़ ने बताया कि पदमपुर तहसील क्षेत्र के गांव मांझूवास और सादुलशहर तहसील क्षेत्र के भी अनेक गांवों में इस अभियान के तहत सभाएं की गई हैं। गुरुद्वारा सिंह सभा के गुरविंदर सिंह ने बताया कि 5 फरवरी को रवाना होने वाले किसानों के लिए लंगर पानी की व्यवस्था गुरुद्वारा की ओर से की जाएगी।
    सादुलशहर क्षेत्र से किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर रवाना होंगे
    किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए किसान संयुक्त मोर्चा के बैनर तले राजस्थान -हरियाणा शाहजहांपुर बॉर्डर पर जाने के लिए सादुलशहर तहसील क्षेत्र के अलीपुरा, धिंगतानिया, नूरपुरा, करड़वाला, अमरगढ़, हाथियांवाली, खेरूवाला, बुधसिंहवाला, धौलाचक, कालवासिया, लालबाई छापावाली, खरा चक मन्नीवाली,कालीरावण में गांवों में किसान नेताओं ने जनसंपर्क किया। संयुक्त मोर्चा के सदस्य मदन गदरखेड़ा के अनुसार जनसंपर्क कर ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों से पहुंचने का आह्वान किया गया। जनसंपर्क करने वालों में किसान नेता रणधीरसिंह बराड़, कौरसिंह सिधू बुधरवाली, हर्षविन्द्रसिंह, अजयपालसिंह बराड़, रंजीत मन्नी, गुरमीतसिंह बनवाली, परजीतसिंह मान, बलकरणसिंह हाकमाबाद, गुरचरणसिंह, मनमोहनसिंह, निर्मलसिंह, कुलजीतसिंह, गुरमीत सिंह चक 7-बीएनडब्ल्यू थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *