नई दिल्ली
शाहरुख खान और सलमान खान ने साथ में कई बार काम किया है, लेकिन आमिर खान के साथ नहीं। हालांकि हाल ही में आमिर की फिल्म लाल सिंह चड्ढा में शाहरुख का छोटा कैमियो था। कई बार शाहरुख से इसलिए इस बारे में सवाल किया जाता है कि दोनों साथ में कब नजर आएंगे। साल 2013 में ऐसा ही कुछ हुआ था शाहरुख खान से जब आमिर खान के साथ फिल्म करने को लेकर सवाल किया गया था। दरअसल, एक इवेंट में किसी ने शाहरुख खान से पूछा था कि आप, सलमान खान और आमिर खान एक फिल्म में कब साथ में नजर आएंगे?
अफॉर्ड नहीं कर पाओगे
शाहरुख पानी पीते हैं और फिर कहते हैं, ‘आप अफॉर्ड कर सको तो ऑफर करदो। बेटा, चड्ढी बनियान बिक जाएगी तीनों को साइन करते-करते।’ इसके बाद शाहरुख कहते हैं, ऐसी फिल्म तब बन सकती है जब कोई प्रोड्यूसर और डायरेक्टर ऑफर करेगा। तो किसी को ऐसा करना होगा। ये बहुत मुश्किल होगा। तीनों को अपनी स्टोरी सुनानी होगी। तब तीनों को वो कहानी पसंद आनी चाहिए। तो अगर कोई फिल्म बनाएगा, हमें अफॉर्ड कर सकता है और हमें सह सकता है तो फिल्म बनेगी क्योंकि एक 10 मिनट में जवाब दे देगा, एक आने से पहले चला जाएगा और तीसरा कहेगा कि रात को शूट करो। मैं रात पर जगता हूं तो ये बहुत मुश्किल है।