Monday, September 28निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शिमला-श्रीनगर से ठंडा राजस्थान:माउंट आबू@ -6 डिग्री, 4 अन्य शहरों का तापमान जीरो से नीचे; जयपुर में 7 तक छुट्टियां

जयपुर। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी ने पहाड़ी राज्यों की ठंड को भी पीछे छोड़ दिया है। आज भी प्रदेश में पांच शहरों सीकर, चूरू, फतेहपुर, माउंट आबू, जोबनेर (जयपुर) में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। इन शहरों में लगातार तीसरे दिन भी बर्फ जमने की स्थिति रही। वहीं, कड़ाके की ठंड के चलते जयपुर में स्कूलों की छुट्टियां 7 जनवरी तक बढ़ाई गई हैं।
कोटा में तो सर्दी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां बुधवार की रात जनवरी की सबसे सर्द रात रही। जयपुर में भी इस सीजन का सबसे कम तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान में सबसे ठंडा माउंट आबू रहा, यहां पारा -6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। यह हिमाचल प्रदेश के शिमला (-4) और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर (-4) से भी ज्यादा ठंडा रहा है।
इसी तरह आज रात का तापमान सीकर में -1.5, चूरू में -1.5, फतेहपुर में -1.8 और जोबनेर में -1.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। राजधानी में कल रात का तापमान 4.6 डिग्री रहा था, यह आज और गिरकर 3.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सर्दी का ये सितम कल तक और बना रहेगा और 7 जनवरी से लोगों को इससे थोड़ी राहत मिलेगी।
गलन भरी ठंड ने किया बेहाल
प्रदेश में आज मौसम की स्थिति देखें तो गंगानगर, हनुमानगढ़ समेत कई शहरों में लगातार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। कोहरे और सर्द हवाओं के कारण इन शहरों में दिन में भी गलन भरी सर्दी से लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।