Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शोभायात्रा में गूंजा श्रीराम के नाम का जयघोष

  • श्रीरामनवमी के उपलक्ष्य में डबलीराठान में निकली शोभायात्रा
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    श्रीरामनवमी के उपलक्ष्य में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल की ओर से शुक्रवार को गांव डबलीराठान में विराट शोभायात्रा निकाली गई। माथे पर तिलक, भगवा रंग का कुर्ता और पगड़ी, भव्य पैमाने पर भगवी पताकाएं और हाथों में बड़े-बड़े भगवा ध्वज लहराते हुए जब शोभायात्रा निकली तो पूरे क्षेत्र में श्रीराम के नाम का जयघोष गूंज उठा। शोभायात्रा में शामिल युवाओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। दुपहिया वाहनों पर सवार युवाओं ने श्रीराम के जयकारे से आसमान को गुंजायमान कर दिया। मुख्य मार्गों पर बैंड बाजों और सुंदर झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सजाई गई झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। शोभायात्रा में राम दरबार, राधाकृष्ण, श्रीराम लक्ष्मण और शबरी, मृत्यु शैय्या पर लेटे पितामह भीष्म आदि की झांकियां शामिल रहीं। शहर में कई स्थानों पर फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया किया। शोभायात्रा में सर्वसमाज के नागरिकों की भागीदारी रही। श्रीराम के गगन भेदी जयकारों से पूरे क्षेत्र का भगवाकरण हो गया। खासकर राज तिलक की करो तैयारी, आ रहे हैं भगवाधारी, एक ही नारा एक ही नाम जय श्री राम जय श्री राम दर्जनों नारों से हिन्दू और हिन्दुत्व को सरजमीं पर लाने का प्रयास किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत डबलीराठान में पुलिस उप अधीक्षक प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। शोभायात्रा के रूट चार्ट पर जगह-जगह पुलिस जवान मुस्तैद रहे। शोभायात्रा के साथ-साथ चल कर पुलिस मॉनिटरिंग करती रही। शोभायात्रा में प्रमोद गाट, लवदीप सिंह सहित विहिप और बजरंग दल के कई कार्यकर्ता शामिल रहे।