Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। कृष्ण जन्माष्टमी शुक्रवार को शहर सहित जिले भर में श्रद्धा व उल्लास से मनाई गई। जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में फूलों से आकर्षक सजावट की गई। शहर के प्रमुख मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया। भव्य झांकियां सजाई गई। झांकियों के दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। भजन कीर्तन सहित अन्य कार्यक्रम हुए। कान्हा के दर्शन करने के लिए व्रत उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं ने मंदिरों में धोक लगाई। मंदिरों में कान्हा का पूजन किया गया। विभिन्न रूपों में सजी भगवान राधा-श्रीकृष्ण-की झांकियों के दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालुओं के जयकारों से समूचा माहौल कृष्णमय बना रहा। जंक्शन के गांधीनगर स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में गुरुवार रात्रि को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। हजारों की संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रांगण में वृंदावन, पश्चिम बंगाल व दिल्ली से आए कलाकारों की ओर से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन किया गया। श्री नीलकंठ महादेव सेवा समिति अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने सभी भक्तों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए बताया कि काशी विश्वनाथ मंदिर में दूसरी बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई है। श्री गुरु गोबिंदसिंह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन बाबूलाल जुनेजा ने समिति के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिएं। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि इस तरह के आयोजन में वे अपनी पूरी सहभागिता दें ताकि युवा पीढ़ी को हमारी संस्कृति को जानने का मौका मिले।