नई दिल्ली
एशिया कप 2022 में गुरुवार को बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमें सुपर-4 में जगह बनाने के लिए भिड़ेंगी। ये मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए करो या मरो का होने वाला है। क्योंकि दोनों ही अपना पहला मुकाबला हार चुकी हैं, ऐसे में सुपर-4 में जगह बनाने के लिए ये मैच जीतना जरूरी है। दोनों ही टीमों को अफगानिस्तान से हार का सामना करना पड़ा है, जोकि लगातार दो मैच जीतकर टूर्नामेंट के दूसरे राउंड के लिए क्वालीफाई कर चुका है।
भारत के बाद श्रीलंका इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम रही है। टीम ने 5 बार ट्रॉफी जीती है, जबकि बांग्लादेश पहली ट्रॉफी की तलाश में है। बांग्लादेश की टीम ने जिस तरह से टूर्नामेंट में शुरुआत की है, उसे देखकर हर कोई हैरान है। वहीं दूसरी तरफ अफगानिस्तान की टीम ने लीग स्टेज में अपनी विपक्षी टीमों को एकतरफा मुकाबलों में हराया है।
इस महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले बांग्लादेश और श्रीलंका टीम के बीच जुबानी जंग शुरू हो चुकी है। श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका के एक बयान से ये बहसबाजी शुरू हुई है। उन्होंने दावा किया था कि बांग्लादेश के पास सिर्फ दो विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद श्रीलंकाई कप्तान ने कहा, ”अफगानिस्तान के पास वर्ल्ड क्लास गेंदबाजी आक्रमण है। हम जानते हैं कि मुस्तफिजुर रहमान अच्छे गेंदबाज हैं और शाकिब वर्ल्ड क्लास गेंदबाज हैं, लेकिन इनके अलावा टीम में कोई वर्ल्ड क्लास गेंदबाज नहीं है। इसलिए अगर हम अफगानिस्तान से बांग्लादेश की तुलना करें, तो वह आसान विपक्षी हैं।”