Friday, May 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक लोकेन्द्र सिंह कालवी का निधन

जयपुर (वार्ता). राजस्थान में श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक लोकेन्द्र सिंह कालवी का निधन हो गया।
वह करीब 68 वर्ष के थे। वह बीमार चल रहे थे और उन्होंने सोमवार देर रात एसएमएस अस्पताल में आखिरी सांस ली। नागौर जिले में उनके पैतृक गांव कालवी में आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। समाजसेवी श्री कालवी कांग्रेस एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में भी रहे।
श्री कालवी के निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र ने शोक व्यक्त किया है। श्री मिश्र ने शोक जताते हुए हुए कहा कि श्री कालवी का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनिंया ने श्री कालवी के निधन पर दुख जताया और कहा कि श्री राजपूत करणी सेना के प्रेरक और समाज में अपने कार्यों से अलग मुकाम बनाने वाले श्री कालवी का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से उनके मोक्ष की प्रार्थना करते हुए परिजन और उनके संगठन से जुड़े लोगों के लिए संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें यह दुख सहन करने का साहस देने की प्रार्थना की।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्री कालवी के परलोकगमन का समाचार अत्यंत दुखद है। वह अपनी समाज सेवा एवं सेवाभावी कार्यों के लिए सदैव याद किए जायेंगे। उन्होंने ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसी तरह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित अन्य कई नेताओं ने भी श्री कालवी के निधन पर शोक व्यक्त किया।