नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा। यह मानसून सत्र 11 अगस्त तक चलेगा। 23 दिन तक चलने वाले इस मानसून सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी। मैं सभी पार्टियों से सत्र के दौरान संसद के विधायी और अन्य काम.काज में रचनात्मक योगदान देने की अपील करता हूं। ऐसी चर्चा है कि मोदी सरकार इस मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता बिल पेश कर सकती है। जिसके लिए पिछले दिनों से भूमिका बनाई जा रही है।
20 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र के नए संसद भवन में पहला मानसून सत्र होगा। हालांकि अभी इसे लेकर आधिकारिक एलान होना बाकी है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए मानसून सत्र के हंगामेदार रहने का अनुमान है। इस मानसून सत्र में कई अहम बिल पेश हो सकते हैं। इनमें यूसीसी भी शामिल हो सकता है। इस पर पूरे देश की निगाहें हैं। कुछ दिनों पहले ही पीएम मोदी ने यूसीसी की वकालत की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 जून को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड का जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर मुस्लिमों को भड़काया जाता है। पीएम मोदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी सभी समुदायों के लिए एक कानून लाने की बात कही है। लेकिन वोट बैंक की राजनीति करने वाले इसका विरोध करते हैं।
