सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। किसानों ने केंद्र सरकार पर विश्वासघात का दोषारोपण करते हुए 31 जनवरी को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले फूंकने का ऐलान किया है। केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ लगभग एक वर्ष तक निरंतर संघर्ष करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा में शामिल जिले के किसान संगठनों ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अभी तक फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी)का कानून बनाने के लिए कमेटी नहीं बनाई है। किसान आंदोलन के दौरान देश के अनेक राज्यों में किसानों पर बहुतायत संख्या में मुकदमें दर्ज किए गए, वह भी वापस नहीं लिए गए। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी कांड में एकतरफा जांच का आरोप लगाते हुए किसान संगठनों ने कहा है कि अभी तक प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्य केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा भी नहीं लिया है जबकि उसका बेटा ही इस कांड का मुख्य अभियुक्त है।