Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सरसों एवं चने की खरीद के लिए 20 मार्च से होगा पंजीयन

जयपुर (वार्ता). राजस्थान में सरसों एवं चने की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए 20 मार्च से आॅनलाइन पंजीयन शुरू किया जाएगा।
सहकारिता मंत्री उदय लाल आंजना ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि किसान को उपज बेचान के लिए पंजीयन की सुविधा ई-मित्र या संबंधित खरीद केन्द्र (ग्राम सेवा सहकारी समिति /क्रय विक्रय सहकारी समिति) पर उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर रबी सीजन 2023-24 में केन्द्र सरकार द्वारा राज्य में चना खरीद का 6.65 लाख मीट्रिक टन एवं सरसों खरीद का 15.19 लाख मीट्रिक टन लक्ष्य दिया गया है। आॅनलाइन पंजीयन करते समय किसान को जनआधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं गिरदावरी की प्रति पंजीयन फार्म के साथ अपलोड करनी होगी। किसान को आधार आधारित बायोमैट्रिक अभिप्रमाणन पर पंजीयन करवाना होगा।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि सभी किसान अपना मोबाईल नम्बर आधार में लिंक करवा लेवें, ताकि किसानों को समय रहते तुलाई दिनांक की सूचना प्राप्त हो सके। किसान यह सुनिश्चित करें कि जनआधार कार्ड में अपने बैंक खाते नम्बर को अद्यतन (अंकित) करें तथा खाता संख्या एवं आई.एफ.एस.सी. कोड में कोई विसंगति नही रहे ताकि भुगतान के समय परेशानी ना हो।
श्री आंजना ने बताया कि एक मोबाइल नम्बर पर एक ही किसान का पंजीयन किया जायेगा तथा पंजीयन का कार्य प्रात: नौ बजे से शाम सात बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि किसान की कृषि भूमि जिस तहसील में होगी उसी तहसील के कार्यक्षेत्र में आने वाले खरीद केन्द्र का चयन रजिस्ट्रेशन के दौरान कर सकेगा। उन्होंने बताया कि किसान को उसकी पंजीकरण दिनांक के आधार पर वरीयता के अनुसार तुलाई के लिए दिनांक एवं जिन्स की मात्रा का आवंटन किया जायेगा तथा इसकी सूचना किसान के पंजीकृत मोबाइल पर एसएमएस द्वारा दी जायेगी।
प्रबंध निदेशक राजफैड उर्मिला राजोरिया ने बताया कि निर्धारित केन्द्रों पर सरसों 5450 रुपये तथा चना 5335 रुपये के समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि तुलाई के समय किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए उपज को तय एफएक्यू मापदण्डों के अनुसार तैयार कर लाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन, उपज के बेचान व भुगतान आदि के संबंध किसी प्रकार की समस्या न हो, तो टोल फ्री नम्बर 18001806001 पर फोन कर समस्या का समाधान कर सकते हैं।