मकेर/भेल्दी (सारण)। सारण जिला के मकेर थाना क्षेत्र के भाथा नोनिया टोली व भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहो भाथा गांव में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है। इनमें नौ की मौत पीएमसीएच में जबकि एक की मौत सारण से पटना ले जाने के दौरान हो गई। एक अन्य की मौत सारण में ही हो गई। स्वजनों ने उसके शव की अंत्येष्टि भी कर दी। 17 से ज्यादा लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। बीमार लोगों का इलाज पीएमसीएच में कराया जा रहा है। इधर इस घटना से हड़कंप मचा है। पुलिस ने शराब बेचने के आरोपित को गिरफ्तार भी किया है। साथ ही लापरवाही को लेकर मकेर थानेदार नीरज मिश्रा एवं फुलवरिया भाथा के चौकीदार को सस्पेंड कर दिया गया है।
बता दें कि भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहा भाथा निवासी पारस महतो के पुत्र चंदन महतो, मकेर थाने के फुलवरिया भाथा नोनिया टोला निवासी कमल महतो, भरोस महतो के पुत्र ओमनाथ व सकलदीप महतो एवं विलास महतो के पुत्र चंदेश्वर महतो, बीगल महतो के पुत्र धनीलाल महतो एवं पोषण महतो के पुत्र राजनाथ महतो की मौत गुरुवार को हो गई थी। जांच-पड़ताल के बाद डीएम राजेश मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहरीली शराब से मौत की बात सामने आ रही है।
लोगों का कहना है कि बुधवार की रात घर-घर में सावनी पूजा थी। इसके बाद लोगों ने शराब पी। गुरुवार सुबह से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्थानीय स्तर पर उपचार के बाद ठीक नहीं होने पर गंभीर रूप से बीमार लोगों को पीएमसीएच भेज दिया गया। वहां ले जाने से पहले ही चंदन महतो की सांसें थम गई थीं। उसकी अंत्येष्टि भी कर दी गई। मकेर थाना के कमल महतो की मौत पटना जाने के दौरान हो गई। इलाज के दौरान पटना में ओमनाथ महतो, सकलदीप महतो, धनीलाल महतो व चंदेश्वर महतो की मौत हो गई। वहीं राजनाथ महतो की मौत एक निजी अस्पताल में हो गई।