Thursday, April 30निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सीएम गहलोत आलाकमान को पैसे की धौंस दिखाकर आंख दिखाते हैं-राज्यवर्धन

जयपुर। जयपुर ग्रामीण सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान के तहत बुधवार को कहा कि राजस्थान प्रदेश अपराध का गढ़ बन चुका है। पौने पांच सालों में 11 लाख मुकदमे दर्ज हुए है। वीरो की भूमि कहे जाने वाले राजस्थान की धरा पर ऐसा पहली बार हुआ है। राजस्थान अपराधियों की शरणस्थली बन गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया है। राज्य सरकार पिछले पौने पांच साल में इन लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पाई है। दूसरे राज्यो से अपराधी यहां शरण ले रहे हैं, जबकी भाजपा शसित राज्यों में अपराध का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा हैं यूपी में क्राइम का सफाया हुआ। लेकिन गहलोत का सिर्फ एक ही नारा रहा ‘अपराधियों, अलगावादियों पधारो म्हारे देश’। भ्रष्टाचार पर राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार चरम पर है। कांग्रेस के नेता सिर्फ अपने परिवार को मजबूत करने में जुटे हुए है। उनके संरक्षण में अवैध खनन और भूमाफिया सक्रिय हैं। कांग्रेस विधायक मिनी मुख्यमंत्री बन चुके हैं। प्रदेश को कांग्रेस विधायकों के लिए लूट की मशीन बना रखा है। कांग्रेस के पास राजस्थान एकमात्र राज्य है, जहां से भ्रष्टाचार का पैसा कांग्रेस अन्य राज्य में चुनाव लड़ने के लिए काम में लेती है, इसीलिए मुख्यमंत्री गहलोत आलाकमान को पैसे की धौंस दिखाकर आंख दिखाते हैं।
पेपर लीक होना सरकार के लिए शर्म की बात
पेपर लीक के मामले पर राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में पेपरलीक आम बात है। पौने पांच साल में कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। यह गहलोत सरकार के लिए शर्म की बात है। आरपीएससी पेपरलीक का अड्डा बन चुका है।