Wednesday, July 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सीडब्ल्यूसी के गोदाम बाजार दर पर उपलब्ध

  • क्षेत्रीय प्रबंधक पगारे ने व्यापारियों के साथ बैठक में दी जानकारी
    श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)।
    सीडब्ल्यूसी (केन्द्रीय भंडारण निगम) के गोदाम अनाज के भंडारण के लिए बाजार दर पर व्यापारियों के लिए उपलब्ध हैं। यह जानकारी निगम व व्यापारियों के साथ नई धानमंडी स्थित दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन की बैठक में निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग पगारे ने दी। बैठक में मुख्य अतिथि ट्रेडर्स असो. अध्यक्ष धर्मवीर डुडेजा तथा विशिष्ट अतिथि सचिव दीपक नागौरी थे। अनुराग पगारे ने कहा कि श्रीगंगानगर में सीडब्ल्यूसी के भण्डारण गोदामों में लगभग 50 हजार मेट्रिक टन की जगह उपलब्ध है। यह व्यापारियों को उचित भण्डारण दरों पर उपलब्ध करवाई जाएगी। व्यापारियों को भण्डारण में आने वाली समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करवाया गया। निगम के सहायक महाप्रबंधक प्रिंस कुमार सहायक, व्यापार प्रबंधक लोकेंद्र नारनोलिया व भंडार प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि व्यापारियों को सीडब्ल्यूसी द्वारा ई-एनडब्ल्यूआर उपलब्ध करवाई जाएगी, जिस पर सभी बैंकों से कम ब्याज पर ऋण की सुविधा मिलेगी। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने इस बैठक में शामिल होकर सीडब्ल्यूसी के गोदामों में अनाज भंडारण के समय आने वाली परेशानियों से अवगत करवाते हुए अधिकारियों से उनके निदान का आग्रह किया। निगम अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं सुनी तथा गोदाम में लेबर की समस्या, छुट्टी वाले दिन गोदाम खोलने तथा समयावधि की समस्याओं का समाधान करने का विश्वास दिलाया। व्यापारी नेता एवं नगर विकास के पूर्व अध्यक्ष ज्योति काण्डा, पवन गोयल व संजीव बंसल ने भी विचार व्यक्त किए।