Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सीबीएसई प्रक्रिया में मनमानी; एग्रीकल्चर के प्रैक्टिकल लेने के लिए लगा दिए बायो के परीक्षक !

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
सीबीएसई पैटर्न के स्कूलों में पै्रक्टिकल परीक्षाओं में नियमानुसार बाह्य परीक्षक लगाए जाने का प्रावधान है। लेकिन इसे लेकर मनमानी की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार यह बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय अधिकारी (सीबीएसई परीक्षा) द्वारा स्कूलों में कृषि विषय (एग्रीकल्चर) की प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए बाह्य परीक्षक के रूप में बायो विषय के अध्यापकों की नियुक्ति की जा रही है, जो सरासर गलत है। क्षेत्र के विद्यालयों में उपयुक्त मात्रा में कृषि विषय के परीक्षक (अध्यापक/व्याख्याता) उपलब्ध होने के बावजूद भी सीबीएसई पैटर्न पर आधारित परीक्षाओं में कृषि विषय की परीक्षाओं के लिए दूसरे विद्यालयों से कृषि विषय के अध्यापकों के स्थान पर बायो विषय अध्यापकों की नियुक्ति की जा रही है। नियम तोड़कर यह खेल क्यों खेला जा रहा है, इस बात का अंदाजा तो स्वाभाविक है। अब ऐसी बातें भी उठ रही हैं कि इसके पीछे ‘नम्बर गेम’ हो सकता है। लेकिन इस बारे में कोई भी स्कूल संचालक कुछ भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। या तो इन्कार कर रहे हैं या जानकारी का अभाव बता रहे हैं। गौरतलब है कि बीते दो साल से कोरोना के कारण बच्चों का बेस बिगड़ चुका है। बिना परीक्षा दिए बच्चों को पास किया जाता रहा। लेकिन अब सब कुछ पटरी पर है। इसलिए बच्चों की शिक्षा को लेकर गंभीरता बरतने की जरूरत है। ऐसे में चाहे तैयारी की बात हो या परीक्षा कराने की, हर प्रक्रिया में नियमानुसार कार्य करने की जरूरत है। ताकि बच्चों की तैयारी का सही आंकलन हो सके। यह मामला इसी से जुड़ा हुआ है। इस संबंध में ‘सीमा सन्देश’ के पास सूचनाएं पहुंची हैं। हालांकि कुछ अध्यापकों ने इस बात को दबी जुबान से स्वीकार भी किया है।