बीकानेर
करणी औद्योगिक क्षेत्र में वूलन मिल के ईटीपी टैंक में दम घुटने से चार श्रमिकों की मृत्यु का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि गंगाशहर में सीवरेज चैंबर की सफाई के लिए सुरक्षा उपकरण बिना ही श्रमिक को उतार दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया वायरल होने पर लोग शिकायत लेकर मुख्यमंत्री के पास जा पहुंचे।
गंगाशहर में आरयूआईडीपी के तहत घर-घर सीवरेज कनेक्शन का काम चल रहा है। एक स्थान पर सीवरेज चैंबर में रुकावट आने पर मकान मालिक ने सफाई के लिए श्रमिक बुलाए थे। यह श्रमिक बिना मास्क के ही चैंबर में उतर गया। वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
निगम में मनोनीत पार्षद निर्मला चांवरिया रात को कुछ महिलाओं के साथ मुख्यमंत्री से मिलने सर्किट हाउस पहुंची। उन्होंने पोस्टर में लापरवाही का सीन दिखाते हुए मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों से शिकायत की। चांवरिया ने बताया कि रविवार को जनसुनवाई के दौरान सीएम को ज्ञापन दिया जाएगा। ऐसी ही लापरवाही के कारण कुछ महीनों पहले सीवरेज चैंबर में दम घुटने से एक श्रमिक की मौत हो गई थी।
करणी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक वूलन मिल में चार श्रमिक मारे गए। मानवाधिकार आयोग ने भी उस घटना को गंभीरता से लिया है। उधर गंगाशहर में सीवरेज प्रोजेक्ट पर काम कर रही राजकमल कंपनी के प्रतिनिधि अनूप ने बताया कि चैंबर की सफाई करने वाले प्राइवेट लोग थे। कंपनी को इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई।