Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सोनाली फोगाट मौत मामले में सीबीआई जांच की मांग

हिसार 

 हरियाणा की भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मौत मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर रविवार को हिसार में सर्वजातीय खाप महापंचायत हो रही है। सोनाली फोगाट की मौत के मामले में गोवा पुलिस की जांच पर असंतोष व्यक्त करते हुए उनका परिवार इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। 

खाप महापंचायत में दिवंगत सोनाली फोगाट की बेटी यशोधरा फोगाट ने कहा कि हम मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं। हमें अब सरकार से कोई उम्मीद नहीं, उनसे कोई आश्वासन नहीं मिला। हमारी मांग है कि मामले की सीबीआई जांच हो। मुझे और मेरे परिवार को सुरक्षा चाहिए।

बीते दिनों गोवा पुलिस की एक टीम ने इस हत्याकांड की जांच के लिए हिसार से लेकर गुरुग्राम और नोएडा तक जांच-पड़ताल कर परिवार और अन्य लोगों से पूछताछ कर सबूत जुटाए थे।

गौरतलब है कि 42 वर्षीय सोनाली फोगाट की 23 अगस्त को उत्तरी गोवा के कर्लीज रेस्तरां में कथित तौर पर ड्रग्स दिए जाने के बाद अंजुना के एक निजी अस्पताल में मृत लाया गया था। हालांकि शुरू में यह बताया गया था कि सोनाली की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी, लेकिन बाद में किए गए पोस्टमॉर्टम से पता चला कि उसके शरीर पर कई अंदरूनी चोटें थीं।