नयी दिल्ली (वार्ता). राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास की पुलिस द्वारा घेराबंदी का मुद्दा आज राज्यसभा में उठाते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
बुधवार को युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर सदन में जब डोपिंग रोधी विधेयक पर चर्चा का जवाब दे रहे थे उसी समय विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष इस विधेयक का समर्थन कर रहा है और यह विधेयक तो पास हो ही जायेगा लेकिन वह एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी और श्री गांधी के आवास को पुलिस ने घेर लिया है जो अनुचित है। सत्ता पक्ष की ओर से इसका प्रतिवाद किया गया और उप सभापति हरिवंश ने भी कहा कि यह बात विधेयक से संबंधित नहीं है और नेता विपक्ष को केवल विधेयक के बारे में ही बोलना चाहिए।
नेता सदन पीयूष गोयल ने कहा कि सदन बहुत ही व्यवस्थित तरीके से चल रहा है और इस समय यह बात करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि यह कानून का मामला है और कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्यों हो रहा है इसके कारण में जाना चाहिए और उसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से कहा कि वह बेवजह के आरोप न लगायें। उन्होंने कहा कि सरकार कानून के काम में दखलंदाजी नहीं करती।
इसके बाद कांग्रेस के सदस्य सदन से बहिर्गमन कर गये।