पूर्व सभापति सहित तीनों आरोपी पीसी रिमांड पर हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। करीब एक साल पहले दर्ज दहेज प्रताड़ना के मामले में महिला थाना पुलिस की ओर से गिरफ्तार की गई बीकानेर नगर परिषद की पूर्व सभापति, उसके पति व पुत्र से पुलिस स्त्रीधन बरामदगी के प्रयास कर रही है। गुरुवार को गिरफ्तार पूर्व सभापति जशोदा गहलोत पत्नी बुलाकीदास, उसके पति बुलाकीदास पुत्र मूलचन्द गहलोत व पुत्र मुकेश गहलोत निवासी बीकानेर को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड मंजूर करवाया। थाना प्रभारी मोनिका बिश्नोई ने बताया कि दहेज प्रताड़ना के आरोप में 2021 में परिवादिया संध्या गहलोत ने अपने पति, सास व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। उन्होंने स्वयं इस मामले में पूर्व में अनुसंधान किया। तीनों के खिलाफ जुर्म प्रमाणित करते हुए चालान आदेश लिए गए थे। उसके पश्चात आरोपी पक्ष की ओर से जांच बदलवाई गई तो श्रीगंगानगर के एडिशनल एसपी की ओर से अनुसंधान और सत्यापन किया गया। उन्होंने अनुसंधान की पुष्टि की गई। चूंकि परिवादिया का स्त्रीधन बरामद नहीं करवाया गया था, अनुसंधान में आरोपियों की ओर से सहयोग नहीं करने पर एडिशनल एसपी श्रीगंगानगर की ओर से इनकी गिरफ्तारी के लिए लिखा गया। इस पर परिवादिया के पति मुकेश गहलोत, ससुर बुलाकीदास गहलोत व सास जशोदा गहलोत को गिरफ्तार किया गया। पीसी रिमांड मंजूर करवा इनसे स्त्रीधन बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।