हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश)। टाउन पुलिस ने जिला विशेष दल के सहयोग से आॅपरेशन फ्लश आउट के तहत कार्रवाई करते हुए मोटर साइकिल सवार दो युवकों को 40 ग्राम स्मैक (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी अनुसार टाउन पुलिस थाना प्रभारी दिनेश सारण के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम शनिवार रात्रि को गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान जिला विशेष दल की सूचना पर पुलिस टीम गुरुसर-मुंडा रोड पर चक 9 एसएसडब्ल्यू में वाटर वर्क्स टंकी के पास पहुंची तो सामने से दो जने मोटर साइकिल पर आते दिखाई दिए। बाइक सवारों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने इन्हें रूकवा तलाशी ली तो 40 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने स्मैक बरामद कर मौके से दिवाकर (28) पुत्र मूलशंकर ब्राह्मण निवासी वार्ड 46, बरकत कॉलोनी, टाउन व महबूब अली (28) पुत्र गुलाम मोहम्मद निवासी चक 12 एचएमएच, गुरुसर को गिरफ्तार किया। साथ ही बाइक जब्त की। मामले की जांच गोलूवाला थाना प्रभारी एसआई भजनलाल लावा कर रहे हैं। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल पुरुषोत्तम, कांस्टेबल राकेश, योगेन्द्र व नन्दराम शामिल थे। इस कार्रवाई में डीएसटी की विशेष भूमिका रही।