हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह यादव की ओर से आॅल इंडिया कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर हरदीप सिंह चहल को उत्तराखंड राज्य का प्रभारी नियुक्त किया गया है। हरदीप चहल उत्तराखंड में ओबीसी विभाग के संगठन का काम देखेंगे व ओबीसी की जातियों को एकजुट कर कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से जोड़कर पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। इससे पहले हरदीप चहल प्रभारी के तौर पर पंजाब राज्य में ओबीसी संगठन का काम कर चुके हैं। हरदीप चहल के लगातार विभिन्न प्रदेशों में प्रभारी के तौर पर संगठन का कार्य करने से हनुमानगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओ व शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। चहल को उत्तराखंड का प्रभारी नियुक्त करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आलाकमान व शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।