कैथल। हरियाणा में एक बार फिर बम मिला है। कुरुक्षेत्र के बाद कैथल में आरडीएक्स होने की सूचना थी। पुलिस को बाक्स मिला। मधुबन से एंटी बम स्क्वायड की टीम पहुंची। बम को डिफ्यूज किया गया। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि डेढ किलोग्राम आरडीएक्स के अलावा आईईडी बम था। बम मिलने वाली लोकेशन के साथ लगते जींद, पानीपत और कैथल के रास्तों को सील कर दिया गया था।
अंबाला एसटीएफ ने कैथल पुलिस को सूचना दी थी कि बम जैसी संदिग्ध चीज रखी हुई है। कैथल के गांव तितरम के पास देवबन कैंची चौक पर बम मिलने की सूचना मिली। मौके पर एसपी मकसूद अहमद टीम सहित पहुंचे। कुछ ही देर में अंबाला एसटीएफ की टीम भी पहुंच गई।
मौके से बम निरोधक दस्ते को डेढ़ किलो आरडीएक्स मिला है। इसके साथ कुछ और उपकरण भी हैं, जिनमें एक बैटरी और तार हैं। एसपी कैथल मकसूद अहमद ने आरडीएक्स होने की पुष्टि की है। यह कुरुक्षेत्र और करनाल में मिले टिफिन बम जैसा ही है।
अंधेरा होने की वजह से जांच में देरी
बम स्क्वायड बम के पास पहुंचा। अंधेरे की वजह से कुछ साफ तौर पर दिख नहीं रहा था। इसके बाद वापस आया और लाइट की व्यवस्था करने को कहा। अब उसके साथ एक पुलिसकर्मी गया। उसे दूर से रोशनी दिखाने को कहा गया। इसके बाद बम को डिफ्यूज किया गया।
डीजीपी को दी गई सूचना
मामले की सूचना डीजीपी को भी दी गई। भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसपी मकसूद अहमद ने टीम सहित पहुंचकर तीनों रास्तों को सौ मीटर पहले ही सील कर दिया। साथ ही दमकल और स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया था।
कैंची चौक से ही होकर तीन रास्ते जाते हैं। एक रास्ता पानीपत, दूसरा जींद और तीसरा कैथल शहर की ओर जाता है। वहीं चौक पर एक सांकेतिक बोर्ड लगा है। इसी बोर्ड के नीचे एक बाक्स रखा था। अंबाला एसटीएफ की तरफ से सूचना मिली है कि इसमें बम हो सकता है। वहीं आरडीएक्स का भी अंदेशा जताया जा रहा था।
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में 4 अगस्त को आरडीएक्स मिला था। अंबाला एसटीएफ के एसपी सुमित कुमार को इसकी सूचना मिली थी। अंबाला एसटीएफ की टीम ने इनपुट के आधार पर पंजाब के तरनतारण निवासी शमशेर सिंह को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ उसकी निशानदेही पर वीरवार सायं पांच बजे शाहाबाद में जीटी रोड स्थित मिर्ची होटल के पास से पेड़ के नीचे से आरडीएक्स बरामद किया था।