Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हर गांव में चिरंजीवी करने के लिए स्वास्थ्य विभाग में उत्साह

-चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत खण्ड स्तर पर प्रशिक्षण, दो अक्टूबर को होंगी ग्राम व वार्ड सभाएं
श्रीगंगानगर
। जनहितैषी मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए यूं तो हर विभाग आगामी दो अक्टूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं की तैयारियों में जुटा है, लेकिन चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में अलग ही उत्साह है। विभाग की ओर से हर खण्ड में प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं, जहां अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ ही आशा सहयोगिनी, एएनएम, चिकित्सकों सहित अन्य अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि वे दो अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभाओं में आमजन को जागरूक कर सकें। विभाग का मुख्य उद्देश्य है कि जिले में एक भी परिवार इस योजना में पंजीकरण से वंचित न रहे। सीएमएचओ डॉ. मनमोहन गुप्ता ने बताया कि चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना आमजन के लिए मुफीद साबित हो रही है और इससे लाखों रुपए का निशुल्क उपचार हो रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी मरीज को उपचार के लिए जेब से पैसा न खर्च करना पड़े। यही वजह है कि शत-प्रतिशत परिवारों को योजना से जोडने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीओआईईसी विनोद बिश्रोई ने बताया कि योजना के तहत एक परिवार को अब 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलता है जबकि उच्च स्तर के ट्रांसप्लांट व सर्जरी जैसे बोन मैरो ट्रांसप्लांट, लिवर ट्रांसप्लांट, कोकलियर इंप्लांट्स जैसे उपचार के लिए पृथक वित्तीय व्यवस्था रहती है। योजना में लाभान्वित मरीज से किसी भी तरह का पैसा नहीं लिया जा सकता है, यदि ऐसा होता है तो मरीज या परिजन तत्काल 181 पर अथवा जिला कलेक्टर को शिकायत करें ताकि संबंधित हॉस्पीटल पर कार्रवाई हो सके। योजना के तहत पांच लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा कवर भी शामिल है। राज्य सरकार जल्द ही परिवार की मुखिया महिला को स्मार्ट फोन भी आवंटित करने की घोषणा की है।