Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हिंदुओं को जलसे की इजाजत दी तो…विवादित बोल पर बवाल: सिद्धू के सलाहकार मोहम्मद मुस्तफा पर केस दर्ज

चंडीगढ़

पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार और राज्य के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा पर आपत्तिजनक बयान देने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। दरअसल मालेरकोटला में एक कार्यक्रम के दौरान मुस्तफा ने कहा कि अगर हिंदुओं को उनके जलसे के सामने जलसा करने की इजाजत दी गई तो वह ऐसे हालात पैदा कर देंगे कि संभालना मुश्किल हो जाएगा। इस वीडियो के वायरल होने से पंजाब की सियासत गरमा गई है। जहां विपक्ष ने इस मामले में हमलावर रवैया अख्तियार कर लिया है, वहीं कांग्रेस में भी इसका विरोध होने लगा है। 

चुनाव आयोग से शिकायत करेगी भाजपा 

मोहम्मद मुस्तफा के घृणित भाषण के खिलाफ मुखर हुई भाजपा ने इसके विरोध में भारतीय चुनाव आयोग में शिकायत करने का फैसला किया है। साथ ही पार्टी पंजाब का माहौल बिगाड़ने और दंगा भड़काने को लेकर बनती धाराओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करेगी। पार्टी ने कहा कि इस मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को आगे आकर जवाब देना होगा।

भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी बताएं कि मोहम्मद मुस्तफा को मोहरा बनाकर पंजाब में वो कौन से हालात पैदा करना चाहते हैं? क्या पंजाब को कश्मीर बनाना चाहते हैं? क्या पंजाब में फिर से 80 के दशक जैसा हालात पैदा करने चाहते हैं? क्या पंजाब में सिर्फ एक विशेष कौम के लिए जलसे का अधिकार है?

मुस्तफा के इस वीडियो के खिलाफ भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने ट्वीट कर लिखा कि यह हेट स्पीच है। मुस्तफा सांप्रदायिक दंगे भड़काकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। शाजिया इल्मी ने इसके साथ ही चुनाव आयोग से मुस्तफा के बयान पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने की मांग की और रजिया सुल्ताना के मालेरकोटला से चुनाव लड़ने पर रोक लगाए जाने की भी मांग की है।