शिवमोग्गा
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की युवा शाखा बजरंग दल के एक 23 वर्षीय कार्यकर्ता की रविवार देर रात हत्या के बाद पूरे राज्य में तनाव का माहौल है। कर्नाटक के शिवमोग्गा में तनाव के बीच शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है। इसके अलावा अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है, चार से अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी है।
दर्जी का काम करने वाले बजरंग दल के 26 वर्षीय सदस्य हर्षा की कल रात करीब नौ बजे अज्ञात लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन वह बच नहीं सका। पुलिस ने कहा कि हर्षा के हमलावरों ने उस पर हमला करने से पहले एक कार में उसका पीछा किया था। हमले के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। हत्या के बाद गुस्साई भीड़ ने कुछ वाहनों में आग लगा दी गई।
शिवमोग्गा के पुलिस अधीक्षक बीएम लक्ष्मी प्रसाद ने कहा कि भीड़ को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर जिले में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “हम [सोमवार] शाम को स्थिति की समीक्षा के बाद कल [मंगलवार] कोई फैसला लेंगे। पिछली [रविवार] रात को मामूली घटनाएं हुई थीं। हमने जिले भर में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी है।” इस मामले में अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।