नई दिल्ली
कर्नाटक के कुछ कॉलेजों में मुस्लिम छात्राओं को हिजाब पहनने के बाद उपजा विवाद लगातार गर्माता जा रहा है। ये विवाद पहले जहां सिर्फ कर्नाटक तक ही सीमित था। अब इस झगड़े ने देश की राजधानी दिल्ली में बैठे राजनेताओं की नींद उड़ा ली है। कर्नाटक का हिजाब विवाद अब दिल्ली तक पहुंच गया है। शनिवार को बसंत पंचमी के मौके पर राहुल गांधी ने कक्षाओं में छात्राओं के हिजाब पहनने को लेकर बयान दिया था। जिसके बाद भाजपा हमले के मूड में आ गई है। कर्नाटक के भाजपा प्रमुख ने पलटवार करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा प्रणाली के ‘तालिबानीकरण’ की अनुमति नहीं देगी।
हिजाब विवाद के जिन्न में अब तालिबान की एंट्री हो गई है। शनिवार की सुबह जब राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि हम भारत की बेटियों के भविष्य को छीन रहे हैं। उन्होंने लिखा, “छात्राओं के हिजाब को उनकी शिक्षा के आड़े आने देकर हम भारत की बेटियों का भविष्य छीन रहे हैं, मां सरस्वती सभी को ज्ञान दें। वह भेद नहीं करती।” राहुल के इस ट्वीट के बाद कर्नाटक की भाजपा पार्टी हरकत में आ गई। प्रदेश के भाजपा प्रमुख नलिन कुमार कटील ने इसे तालिबानीकरण करार दिया और कहा कि राज्य सरकार शिक्षा प्रणाली का तालिबानीकरण नहीं करने देगी।