30 मई को शवयात्रा निकाल सीएम का पुतला दहन करेगी डीवाईएफआई
by seemasandesh
सेना भर्ती शुरू करने तथा कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक प्रकरण में सभी दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। सेना भर्ती शुरू करने तथा कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक प्रकरण में सभी दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा की ओर से 25 मई को सभी तहसील मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद 30 मई को मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। इससे पहले पुतले की शवयात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी डीवाईएफआई प्रदेशाध्यक्ष जगजीत सिंह जग्गी ने शनिवार को भवन मेटेरियल लोड अनलोड मजदूर यूनियन सीटू कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। जग्गी ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने प्रत्येक साल 2 करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन आज सरकार रोजगार के मुद्दे से ध्यान भटका रही है। नौजवानों को धर्म की राजनीति की तरफ धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय स्तर पर नौजवानों को एकजुट कर सरकार को वादा याद दिलाया जाएगा और पूछा जाएगा कि कहां है मेरा रोजगार। जग्गी ने कहा कि राज्य सरकार की भी लगातार विफलताएं सामने आ रही हैं। पेपर लीक प्रकरण की घटनाओं से नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। हर भर्ती में नौजवानों के साथ धोखा हो रहा है। समय पर भर्तियां न होने से नौजवानों में निराशा पैदा हो रही है। नौजवान आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं। इन सबके बावजूद सरकार आंखें मूंद कर बैठी है। ऐसी सरकारें नौजवानों के भविष्य को बर्बाद कर रही हैं। इसे डीवाईएफआई कतई सहन नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि देशभर में बेरोजगारी के लिए डीवाईएफआई की ओर से व्यापक संघर्ष का खाका तैयार किया गया है। भारत की जनवादी नौजवान सभा नौजवानों को लामबद्ध करेगी। इसी क्रम में 25 मई को सुबह 11 बजे तहसील मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपने के बाद 30 मई को शवयात्रा निकाल मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में मोहन लोहरा, वेद सुथार, सुरेश, पूर्णराम, रामकुमार भी मौजूद थे।