बाड़मेर (वार्ता). राजस्थान के बाड़मेर जिले में नागाणा थाना क्षेत्र के कवास कस्बे से 38.31 लाख रुपए से भरा एटीएम तोड़कर ले जाने की घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी रसूल खान उर्फ कन्नू खान (27) एवं अन्य आरोपी ईदे खान (29) तथा बीरबल खान (24) निवासी रायथन खान की ढाणी थाना साकड़ा जिला जैसलमेर को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष 14 जून की रात थाना नागाणा इलाके के कस्बा कवास में संचालित एसबीआई बैंक के बाहर लगे एटीएम बूथ से एटीएम मशीन तोड़ कर ले गये थे। एटीएम में 38 लाख 31 हजार 500 रुपए थे।
इस संबंध मामला दर्ज होने पर पुलिस द्वारा पूर्व में आरोपी सोगत खान निवासी थाना देचू और गोपाल खान उर्फ गोपे निवासी थाना शेरगढ़ जिला जोधपुर को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से चोरी गई एटीएम मशीन और चुराए गए रुपयों से खरीदा गया 12 लाख रुपए कीमत का ट्रक बरामद किया जा चुका है।
इसके बाद गठित पुलिस टीम ने जैसलमेर में सांकड़ा क्षेत्र से मुख्य आरोपी रसूल खान उर्फ कन्नू खान, ईदे खान और बीरबल खान को गिरफ्तार किया। रसूल खान के विरुद्ध 10, ईदे खान के विरुद्ध चार तथा बीरबल खान के विरुद्ध एक आपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज है।
श्री आनंद ने बताया कि इस गिरोह द्वारा वारदात से पहले एटीएम मशीन की रैकी की गई। इन्होंने घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर गाड़ी जैसलमेर के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी की थी। घटना के बाद सोगत खां के गांव कनोडिया महासिंग में खेत पर एटीएम ले जाकर मशीन से रुपए निकाले गये थे।