Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

6 दिसंबर से 17 फरवरी तक होगी ई-नीलामी:कोलायत के मोडिया मानसर में बजरी के 13 प्लॉट की नीलामी

बीकानेर. बीकानेर के बजरी व्यवसाय में अब काॅम्पिटिशन बढ़ेगा। खान महकमे ने कोलायत के मोडिया मानसर में 13 प्लॉट चिह्नित किए थे, जहां जल्दी ही ऑक्शन कर बजरी की लीज जारी की जाएगी। प्रदेश में बीकानेर एकमात्र ऐसा जिला है जहां बजरी नदी-नालों से नहीं निकलती। बजरी की खाने हैं, जिनसे पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की बहुत कम आशंका रहती है। वर्तमान में खान महकमे ने 82 लीज जारी कर रखी हैं।

जल्दी ही यह संख्या बढ़कर 95 हो जाएगी। कोलायत के मोडिया मानसर में करीब 15 हैक्टेयर सरकारी भूमि में बजरी की उपलब्धता पर 13 प्लॉट चिह्नित किए गए हैं, जिनके ऑक्शन की तैयारी कर ली गई है। छह दिसंबर से अगले साल 17 फरवरी तक ई-नीलामी होगी और सबसे ज्यादा बोली लगाने वालों को औपचारिकताएं पूरी करने और एग्रीमेंट के बाद बजरी की लीज जारी की जाएगी। इससे बजरी व्यवसाय में काॅम्पिटिशन बढ़ेगा और खान महकमे को भी डेढ़ से दो करोड़ रुपए की कमाई होगी। गौरतलब है कि बीकानेर वृत्त के एसएमई भीमसिंह राठौड़ ने बजरी के प्लॉट ऑक्शन करने के प्रस्ताव निदेशालय भेजे थे।