8 वर्षों के शासन में नए भारत का सपना हुआ साकार : निहालचंद
by seemasandesh
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 8 साल, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर भाजपा की प्रेस वार्ता हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 8 साल, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता रखी गई। प्रेस वार्ता में सांसद निहालचंद मेघवाल, पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, पीलीबंगा विधायक धर्मंेद्र मोची, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया व जिला महामंत्री जुगल किशोर गौड़ मौजूद रहे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद निहालचंद ने कहा कि देश के इतिहास में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में 2014 में नरेन्द्र मोदी के बतौर प्रधानमंत्री के रूप में आगमन से एक बड़ा क्रांतिकारी परिवर्तन आया। सुंदर सनातन देश की व्यवस्था में अनेकों ऐसे अवसर आए जब देश को चुनौतियों का मुकाबला करना पड़ा। सांसद ने कहा कि 75 वर्षों की आजादी में लगभग 55 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी और एक खानदान विशेष ने देश पर शासन किया। कहने को कांग्रेस का शासन लोकतांत्रिक था, लेकिन उनके हिस्से में आपातकाल भी था, यातनायें थी, प्रतिबंध भी थे। 90 के दशक में पहला बदलाव अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल के दौरान आया। अनकों दलों के साथ मिलकर गठबंधन की सफल सरकार चलाई। देश के राजनीतिक इतिहास में 2014 में भी इसी तरीके का राजनीतिक क्रांतिकारी बदलाव आया था। देश में कांग्रेस पार्टी के भ्रष्टाचार, अराजकता, कुशासन, परिवारवाद, वंशवाद और जातिवाद इन सबके खिलाफ देश की जनता ने प्रतिकार किया और देश में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनी, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। मोदी सरकार एनडीए-2 को सफलतम 8 वर्ष पूर्ण हो गए। इन 8 वर्षों की राजनीतिक तौर पर, सामाजिक तौर पर और शासकीय तौर पर ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। 45 करोड़ जनधन के खातों ने भारत की जनता को ताकत दी है और भ्रष्टाचार पर नकेल पड़ी है। कांग्रेस शासन में इस देश में योजना चली थी, आवास योजना, जिसका नाम ही सुना था, कहीं खिड़की नहीं होती थी, कहीं दरवाजे नहीं होते थे, कहीं र्इंटों का खंडर होता था, आज भारत के 3 करोड़ लोगों के सर पर सम्मान की छत है। देश के प्रधानमंत्री की वो पीएम आवास योजना लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। पीएम किसान सम्मान निधि से देश के 11.08 करोड़ किसानों को 1 लाख 92 हजार करोड़ की राशि सीधे खातों में हस्तांतरित होती है। कोरोना जैसी विभीषिका और दुनिया के तमाम पूंजीपति, विकसित और सम्पन्न देशों के मुकाबले 135 करोड़ की आबादी के देश भारत ने जिस मजबूती से कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ी, वह सबके सामने है। मोदी सरकार के 8 वर्षों के शासन के बारे में जिस नए भारत की कल्पना की गई, वो नए भारत का सपना साकार हुआ। पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने कहा कि कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे व गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रघु शर्मा की यह बात सही साबित होगी कि 2023 के चुनाव में कांग्रेस 10-15 सीटों पर सिमट जाएगी। पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अब चौथी बार बाड़ाबंदी करेंगे। इनके विधायक इनके खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं, अपनी सरकार को बचाने के लिए मुख्यमंत्री बाड़ेबंदी का रिकॉर्ड बना रहे हैं। उन्होेंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कुशासन की हकीकत बेरोजगारी, संस्थागत भ्रष्टाचार, पेट्रोल-डीजल पर सर्वाधिक वैट, पटरी से उतर चुकी कानून व्यवस्था, पेपर लीक इत्यादि विफलताओं की लंबी फेहरिस्त है। भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने कहा कि पार्टी, पार्टी के सभी मोर्चा जमीनी तौर से लेकर ऊपरी तौर पर बूथ स्तर तक लाभार्थियों तक और आम व्यक्तियों तक पुरजोर तरीके से श्री मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों को पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा 30 मई से 14 जून तक सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पखवाड़ा मनाएगी।