Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

900 ग्राम अफीम बरामद, चार जने गिरफ्तार, एक फरार

  • दो कारें भी जब्त, मध्यप्रदेश से सप्लाई देने आए थे दो जने
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    मध्यप्रदेश से अफीम की सप्लाई हनुमानगढ़ देने आए एमपी के दो जने जंक्शन पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इन दोनों के साथ ही अफीम की सप्लाई लेने वाले दो जनों को भी पुलिस ने धर दबोचा। साथ ही दो कारें भी जब्त की। पुलिस चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार जंक्शन पुलिस थाना की एसआई विशु वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार देर शाम को गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि डीटीओ कार्यालय के पीछे, हाउसिंग बोर्ड में डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास पांच जने खड़े हैं। उनके पास दो कार है। संभवतया इनके पास कोई संदिग्ध वस्तु है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पांच में से एक जना मौके से भाग गया। जबकि चार जनों को पुलिस ने काबू कर लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से 900 ग्राम अफीम मिली। अफीम बरामद कर मौके से कारूलाल पुत्र रोडीलाल निवासी मकान नम्बर 288, वार्ड 7, गांव कजाड़ा तहसील मनासा जिला नीचम मध्यप्रदेश, प्रकाशचन्द धाकड़ पुत्र डामारसी निवासी वार्ड 6, गांव चौकड़ी जिला नीचम मध्यप्रदेश, अजय कुमार पुत्र राजकुमार निवासी वार्ड 47, ईदगाह बस्ती अबोहर जिला फाजिल्का पंजाब व विनोद पुत्र भगवानाराम निवासी ढाणी चक 4 पीबीएन डबलीराठान ग्राम पंचायत कमाना को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही कार नम्बर आरजे 14 एसी 3111 और कार नम्बर पीबी 22 एस 7903 को जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए मध्यप्रदेश के दोनों जने अफीम की सप्लाई देने आए थे। जिस जगह चारों पकड़े गए उस जगह इनके बीच अफीम की खरीद-फरोख्त को लेकर बात हो रही थी। पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। मामले की जांच गोलूवाला थाना प्रभारी एसआई ओमप्रकाश सुथार कर रहे हैं।