भरतपुर
भरतपुर की आयशा शर्मा ने कौन बनेगा करोड़पति सीजन 13 में अमिताभ बच्चन के सवालों के जवाब दिए। कल आयशा को अमिताभ बच्चन के सामने टीवी पर खेलते हुए दिखाया गया। आयशा ने सवालों के जवाब देते हुए 6 लाख 40 हजार रुपए जीते। आयशा का कहना है की वह इन रुपयों से कोरोना से प्रभावित लोगों की मदद करना चाहती हैं। बाकी के बचे हुए रुपयों से वे अपने पति के साथ घूमना चाहती हैं।
आयशा सरकारी टीचर हैं और कुम्हेर तहसील के सरकारी स्कूल में कक्षा 12वीं तक के बच्चों को पढ़ाती हैं। आयशा के पति धीरज शर्मा भी टीचर हैं। आयशा शहर के रंजीत नगर की रहने वाली हैं। उनकी शादी धीरज से 29 जून 2020 में हुई थी।
कैसे आई कौन बनेगा करोड़पति में जाने की चाह
आयशा ने बताया की वे जब भी कौन बनेगा करोड़पति देखती थीं तो सोचती थीं कि उन्हें भी अमिताभ बच्चन के सामने बैठ कर उनके सवालों का जवाब देना है। हर एपिसोड में एक प्रश्न पूछा जाता है, जिसका जवाब मैसेज से देना होता है। आयशा उन सवालों का जवाब देने लगी। करीब 10 सवालों के जवाब देने के बाद आयशा को कौन बनेगा करोड़पति के IVR (सलेक्शन टीम) से कॉल आया। उन्होंने तीन सवाल पूछे। इसमें हर सवाल के लिए दो सेकेंड का समय दिया गया।

आयशा शर्मा।
आयशा ने तीन में से 2 सवालों का जवाब सही दिए। IVR में सेलेक्ट होने के बाद 30 मई को आयशा का ऑनलाइन टेस्ट हुआ। आयशा से अपनी प्रोफाइल के 6 वीडियो मांगे गए। वीडियो सेलेक्ट होने के बाद आयशा को दिल्ली बुलाया गया। दिल्ली में ऑफलाइन टेस्ट और इंटरव्यू हुआ। इसके बाद आयशा का 24 जुलाई को कौन बनेगा करोड़पति में फाइनल चयन हुआ।
सेलेक्ट होने के बाद आयशा को मुंबई बुलाया गया। यहां उन्हें तीन दिन तक क्वारैंटाइन रखा गया। 19 अगस्त को आयशा को अमिताभ बच्चन के सामने उनके सवालों के जवाब देने का मौका मिला। आयशा ने अमिताभ बच्चन के 11 सवालों का जवाब देते हुए 6 लाख 40 हजार रुपए जीते। 12वें सवाल पर आयशा ने शो को क्विट कर दिया था। गुरुवार को उनका शो टीवी पर प्रसारित किया गया।
किस प्रश्न पर छोड़ा गेम
आयशा ने 11 सवाल के जवाब सही दिए, लेकिन 12वें सवाल के जवाब को लेकर वह डाउटफुल थीं। आयशा ने अपनी तीनों लाइफलाइन 80 हजार रुपए पर ही यूज कर ली थीं। उनसे 12वां सवाल पूछा गया कि स्वंत्र भारत के पहले उद्योग एवं आपूर्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री कौन थे। इसका जवाब था श्यामा प्रसाद मुखर्जी, लेकिन वह इस जवाब को लेकर आश्वस्त नहीं थी। उन्होंने गेम क्विट कर दिया। हालांकि उनका यह जवाब सही निकला।
क्या करेंगी जीती हुई रकम का
आयशा का कहना है कि वह कौन बनेगा करोड़पति से जीते हुए रुपयों से कोरोना से प्रभावित लोगों की मदद करेंगी। इसके अलावा बचे हुए रुपयों से वे अपने पति के साथ घूमने जाएंगी। क्योंकि जब उनकी शादी हुई थी तो लॉकडाउन लग गया था, जिसके कारण वे कहीं घूम नहीं पाईं थीं।