श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। वाल्मीकि समाज को शिक्षित कर दो ताकि समाज नए ऊंचाईयों पर पहुंच सके। यह बात भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल ने वाल्मीकि धर्म जागृति सेमीनार में कही। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज द्वारा शुगर मिल रोड, महावीर पंचायत धर्मशाला, सहारनपुर (उत्तरप्रदेश) में यह सेमीनार हुआ। इसमें जिला मुख्यालय से मदन सिरसवाल, बिरजू द्राविड़, बंटी भाटिया वाल्मीकि तथा आर्यन भारती शामिल हुए। मदन सिरसवाल ने कहा कि सेमीनार का मुख्य उद्देश्य मानवता के धर्म द्वारा पूरे विश्व को एकता के सूत्र में जोड़ना है। भगवान वाल्मीकि द्वारा दिया गया ज्ञान व धर्म जो महाभारत काल में लुप्त हो गया है, उसे पुन: जागृत करने के लिए धर्म जागृति सेमीनार आयोजित किए जाएंगे। धर्म गुरु डॉ. देवसिंह अद्वेती महाराज तथा राष्ट्रीय मुख्य संचालक ओ.पी. द्राविड़ ने जिला मुख्यालय से गई टीम को सरोफा पहनाकर तथा भगवान वाल्मीकि महाराज का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मेलन में राजस्थान सहित अन्य राज्यों से भी लोग शामिल हुए।