उमेश यादव और जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने चौथे टेस्ट के अंतिम इंग्लैंड को 157 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बनाई। मैच में मिली यादगार जीत के साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट टेबल में टीम इंडिया टॉप पर बरकरार है। पाकिस्तान दूसरे और वेस्टइंडीज तीसरे स्थान पर है। वहीं, इंग्लैंड की टीम चौथे स्थान पर मौजूद है।
चार टेस्ट मैचों से 26 अंक
भारत-इंग्लैंड सीरीज में अब तक चार टेस्ट मैच हुए हैं। इनमें से भारत ने दो जीत और एक ड्रॉ से 26 अंक हासिल किए हैं। हर जीत के लिए भारत को 12-12 अंक मिले। वहीं, ड्रॉ रहे मुकाबले के लिए 2 अंक मिले। ड्रॉ मैच में दोनों टीमों को 4-4 अंक मिलते हैं, लेकिन ट्रेंट ब्रिज में स्लो ओवर रेट के कारण भारत और इंग्लैंड दोनों के 2-2 पॉइंट काट लिए गए थे।
परसेंटेज पॉइंट के आधार पर तय होता है टेबल
ICC के नियमों के अनुसार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का पॉइंट टेबल टोटल पॉइंट की जगह परसेंटेज पॉइंट के आधार पर होता है। भारत ने 4 टेस्ट में 26 अंक हासिल किए। हर टेस्ट के लिए 12 अंक होते हैं। यानी भारत ने कुल उपलब्ध 48 अंकों में से 26 अंक हासिल किए। इस तरह भारत का परसेंटेज पॉइंट 54.17 रहा।
मैनचेस्टर में खेला जाएगा अंतिम टेस्ट
मौजूदा टेस्ट सीरीज का अंतिम मुकाबला 10 सितंबर से ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर के मैदान पर खेला जाएगा। मैनचेस्टर टेस्ट अगर ड्रॉ रहा या टीम इंडिया जीतने सफल रही तो साल 2007 के बाद भारत इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल करेगा।
चैंपियनशिप में हर टीम को 6 सीरीज खेलनी है
ICC टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे साइकिल में हर टीम को 6-6 सीरीज खेलनी है। सभी टीमें 3 सीरीज अपने घर में और 3 सीरीज विदेश में खेलेगी। भारत को विदेश में इंग्लैंड के अलावा साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश से खेलना है। वहीं, घर में भारत का सामना न्यूजीलैंड, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया से होगा।