सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हुए चोर हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन में बस स्टैंड के नजदीक स्थित एक निजी हॉस्पिटल में काम करने वाले युवक की बाइक हॉस्पिटल के बाहर से रात्रि को चोरी हो गई। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन जने बाइक चोरी कर ले जाते नजर आ रहे हैं। इस संबंध में अज्ञात जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए जंक्शन पुलिस थाना में परिवाद सौंपा गया है। जानकारी के अनुसार विक्की बागड़ी पुत्र भंवर लाल बागड़ी निवासी वार्ड नम्बर 58, सुरेशिया ने बताया कि वह जंक्शन बस स्टैंड के नजदीक गुप्ता हॉस्पीटल में नौकरी करता है। सोमवार को उसकी हॉस्पिटल में रात्रि ड्यूटी थी। उसने रात्रि को अपनी मोटर साइकिल आरजे 31 एसए 0269 हमेशा की तरह हॉस्पिटल के आगे साइड में खड़ी कर दी। रात्रि करीब 12 बजे अज्ञात व्यक्ति उसकी बाइक चोरी कर ले गया। उसने रात्रि को बाइक की काफी तलाश की मगर कोई पता नहीं चला। जब उसने हॉस्पिटल के आगे लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांची तो फुटेज में पीठ पर बैग लटकाए तीन व्यक्ति बाइक चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिए। विक्की बागड़ी ने पुलिस से गुहार लगाई कि बाइक चोरी करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका पता लगाकर कार्रवाई कर चोरी हुई बाइक वापस दिलाई जाए।