एमडी एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक लगाने की मांग
by seemasandesh
पार्षदों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन की कैनाल कॉलोनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर आॅफ मेडिसिन (एमडी) एवं स्त्री रोग विशेष की नियुक्ति करने की मांग को लेकर बुधवार को भाजपा पार्षदों ने जिला कलक्टर नथमल डिडेल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नगर परिषद की पूर्व उपसभापति व पार्षद नगीना बाई तथा पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ ने बताया कि कैनाल कॉलोनी स्थित राजकीय चिकित्सालय में पिछले 13 वर्षों से कार्यरत एक मात्र एमडी चिकित्सक का स्थानांतरण श्रीगंगानगर हो गया है। वर्तमान में इस चिकित्सालय में कोई भी एमडी चिकित्सक नहीं है। इससे आसपास के क्षेत्र के पेंशनर जिनकी आयु 60 से 85 वर्ष तक है जो गम्भीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। उनका इलाज जयपुर से चलता है। उनकी मेडिकल पेंशन डायरियों में यहां दवाइयां रिपीट की जाती हैं। मौजूदा चिकित्सकों में एक शिशु रोग विशेष व दो एमबीबीएस हैं जो कि दवाइयां लिखने/रिपीट करने में आनाकानी करते हैं। हनुमानगढ़ जंक्शन के लगभग 30 वार्ड व ग्रामीण क्षेत्र इसी चिकित्सालय से जुड़े हुए हैं। ऐसे हालातों में एक एमडी चिकित्सक की आवश्यकता है। बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक तो है लेकिन प्रसव की व्यवस्था नहीं है तथा न ही कोई बच्चों की यूनिट है जहां नवजात बच्चों का इलाज हो सके। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में महिलाओं के प्रसव करवाने की भी सुविधा मुहैया करवाई जाए। उन्होंने बताया कि पूर्व में यहां प्रसव की सुविधा थी लेकिन किन्हीं अज्ञात कारणों से यह सुविधा बन्द कर दी गई है। इसलिए महिलाओं के प्रसव के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक भी लगाई जाए। उन्होंने बताया कि पूर्व में उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था, परंतु आज तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। भाजपा पार्षदों ने जनहित को देखते हुए कैनाल कॉलोनी के राजकीय चिकित्सालय में एक एमडी व एक स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति के साथ नवजात बच्चों के इलाज के लिए बच्चों की यूनिट बनवाने की मांग की।