मुंबई
ऑनलाइन एजुकेशन सर्विसेज देने वाली बायजूस इन्वेस्टर्स से 2,949 से 4424 करोड़ रुपए तक जुटाने और अगले साल IPO लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी जल्द ही प्री-IPO फंडिंग हासिल कर सकती है। इसके लिए कंपनी को वैल्यूएशन लगभग 1.54 लाख करोड़ रुपए का मिल सकता है।
अगले साल की दूसरी तिमाही तक IPO के लिए अर्जी दे सकती है
शिक्षक रह चुके बायू रवीन्द्रन की यह कंपनी देश का सबसे ज्यादा वैल्यू वाला स्टार्टअप है। बायजूस अगले साल की दूसरी तिमाही तक IPO के लिए डॉक्यूमेंट फाइल कर सकती है। कंपनी यह फंड इक्विटी और डेट के बराबर हिस्से से हासिल कर सकती है। इससे पहले IPO के लिए 12 से 24 महीने की टाइमलाइन थी।
कंपनी ने अप्रैल में 15 करोड़ डॉलर का फंड जुटाया था
ब्लूमबर्ग न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल में बायजूस ने 16.5 अरब डॉलर की वैल्यू पर UBS ग्रुप से लगभग 15 करोड़ डॉलर का फंड जुटाया था। IPO को मैनेज करने के लिए कंपनी की मॉर्गन स्टेनली, सिटीग्रुप और JPMorgan Chase से बातचीत हो रही है। ये बैंक ही कंपनी की फंड जुटाने में मदद कर रहे हैं। कंपनी ने हाल के महीनों में कुछ एक्विजिशन भी किए हैं।
मार्केट रिसर्च फर्म सीबी इनसाइट्स के अनुसार यह देश के दूसरे सबसे वैल्युएबल स्टार्टअप है, जो डिजिटल भुगतान प्रोवाइडर पेटीएम से आगे है। पेटीएम ने 2.2 अरब डॉलर के अब तक के सबसे बड़े IPO के लिए अपने डॉक्यूमेंट दाखिल किए हैं।
टेक्नोलॉजी सेक्टर में इस साल काफी तेजी आई
देश के टेक्नोलॉजी सेक्टर में इस साल काफी तेजी आई है। बहुत सी टेक कंपनियां पब्लिक ऑफर के जरिए फंड जुटाने की योजना बना रही हैं। वेंचर कैपिटल फर्म्स भी देश में अपना इन्वेस्टमेंट बढ़ा रही हैं। इसका एक बड़ा कारण चीन की सरकार की ओर से टेक कंपनियों पर सख्ती करना है। इससे विदेशी इन्वेस्टर्स की भारतीय टेक कंपनियों में दिलचस्पी बढ़ी है।