जोधपुर
जोधपुर के चामू की रहने वाली मनरेगा मजदूर गुड्डी अब प्रधान बन गई हैं। उन्होंने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सिंबल पर चामू पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा था। चुनाव से पहले गुड्डी गांव में तालाब की खुदाई के वक्त मिट्टी की तगारियां उठाकर घर चलाती थीं। अब गांव के लोग ही गुड्डी के साथ सेल्फी ले रहे हैं। गुड्डी भी प्रधान बनने के बाद खुश हैं।

प्रधान बनने के बाद गुड्डी के साथ सेल्फी लेते ग्रामवासी।
पीलवा निवासी गुड्डी की शादी चामू निवासी शंकराराम के साथ हुई थी। गुड्डी पढ़ी-लिखी है, लेकिन परिवार की मजबूरी के कारण मनरेगा में मजदूरी का काम कर रही है। आखिर गांव के लोगों ने ही गुड्डी का हौसला बढ़ाया और चुनाव लड़ाने के लिए आगे बढ़ाया।

गांव में गुड्डी का स्वागत।
चामू में गुड्डी ने RLP के टिकट पर चुनाव जीता है, लेकिन भाजपा के समर्थन के बाद उसे प्रधान बनाया गया। हालांकि जहां भी RLP जीती, वहां भाजपा के समर्थन से अपना प्रधान बनाया है। ऐसे में कुल प्रधान की बात करें तो जोधपुर में 21 पंचायत समिति में दो में RLP ने अपना प्रमुख बनाया।

प्रधान बनने से पहले मनरेगा में मजदूरी करती थी गुड्डी।
गुड्डी ने मनरेगा में बतौर श्रमिक 2019 से 2021 तक काम किया। घरवालों के समर्थन से चुनाव लड़ा। गुड्डी वार्ड नम्बर 6 से खड़ी हुई और जीत हासिल की। गुड्डी ने 242 वोटों से जीत हासिल की थी। चामू पंचायत समिति में कुल 15 सीटें थीं। इसमें भाजपा को 5, कांग्रेस को 5 और RLP को 5 सीटें मिली। ऐसे में RLP की गुड्डी देवी को भाजपा ने समर्थन देकर प्रधान बना दिया।

गुड्डी का मनरेगा जॉब कार्ड।
पति किसान
गुड्डी के पति किसानी करते हैं। पहले वह भी गुड्डी के साथ मनरेगा में मजदूरी करते थे, लेकिन अब किसानी करते हैं। गुड्डी साक्षर हैं।