Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एक्ट्रेस का खुलासा:पिता ने कहा था-फिल्मों में जाकर परिवार का नाम खराब करेगी, इसलिए मल्लिका शेरावत ने घर छोड़कर बदल लिया था अपना नाम

एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत लंबे से समय से बड़े पर्दे से दूर हैं। लेकिन, वे अपनी बोल्ड इमेज और स्टेटमेंट्स के कारण हमेशा चर्चा में बनी रहती हैं। अब हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में मल्लिका ने अपनी फैमिली और करियर से जुड़ी कई बातें शेयर की हैं। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनकी फैमिली नहीं चाहती थी कि वे फिल्मों में काम करें। साथ ही एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि बॉलीवुड में एक्ट्रेस बनने के लिए उन्होंने अपना फैमिली नेम चेंज कर लिया था और वे घर छोड़कर मुंबई भाग आईं थीं।

बता दें कि, मल्लिका की फैमिली ने जन्म के बाद उनका नाम ‘रीमा लांबा’ रखा था। लेकिन, जब उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री की थी, तब उन्होंने अपना नाम बदल कर ‘मल्लिका शेरावत’ रख लिया था। मल्लिका ने बताया कि उन्होंने अपनी मां के सरनेम ‘शेरावत’ को अपनाया था। मल्लिका ने इस बात का खुलासा भी किया है कि उन्होंने फैमिली द्वारा दिया गया अपना नाम बदलने का फैसला क्यों किया था। उन्होंने बताया कि उनके पिता को लगता था कि अगर मल्लिका बॉलीवुड में प्रवेश करती हैं, तो परिवार की प्रतिष्ठा धूमिल हो जाएगी। इसलिए उन्होंने अपना नाम बदलने का फैसला किया था।

पिता ने मुझसे कहा था कि फिल्मों में जाएगी और परिवार का नाम खराब करेगी
मल्लिका शेरावत ने इस बारे में बताते हुए आगे कहा, “यह पितृसत्ता के खिलाफ मेरा विद्रोह था, क्योंकि मेरे पिता ने मुझसे कहा था कि ये फिल्मों में जाएगी और परिवार का नाम खराब करेगी, इसलिए मैं तुम्हें अस्वीकार करता हूं। उनके इतना कहने पर मैंने उनसे कहा था कि मैं तुम्हारा नाम ही डिसओन करती हूं। तुम क्या मुझे अस्वीकार करोगे। हां, आप मेरे पिता हो, मैं आपका सम्मान करती हूं, आपसे प्यार करती हूं। लेकिन, अब मैं अपनी मां का नाम यूज करूंगी। इसलिए मैंने शेरावत यूज किया था। यह मेरी मां का सरनेम है।” एक्ट्रेस का अपनी फैमिली के साथ रिश्ता सालों तक टूटा रहा। वहीं मल्लिका ने कहा कि बीते सालों में खटास कम हुई है। उन्होंने कहा, “हालांकि, फैमिली के साथ अभी भी सब कुछ पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है। लेकिन, उम्र के साथ हर कोई नरम हो जाता है।”

मल्लिका शेरावत ने फिल्म ‘ख्वाहिश’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके हिमांशु मलिक के साथ 17 किसिंग सीन थे। अपने डेब्यू के बाद से अब तक मल्लिका कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। हालांकि, उन्होंने फिल्म ‘मर्डर’ में इमरान हाशमी के साथ कुछ बोल्ड सीन करके सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था। ‘मर्डर’ के बाद उन्होंने ‘ख्वाहिश’, ‘वेलकम’, ‘प्यार के साइड इफेक्ट्स’ और ‘दशावतारम’ जैसी कई फिल्मों में काम किया था। इसके अलावा इंटरनेशनल स्तर पर उन्होंने जैकी चैन के साथ ‘द मिथ’ और ‘पॉलिटिक्स ऑफ लव’ जैसी फिल्में की थीं।

मैंने कभी भी ऑडिशन से गुजरे बिना कोई फिल्म नहीं की है
मल्लिका को आखिरी बार रजत कपूर की फिल्म ‘Rk/RKay’ में देखा गया था। वे अब जल्द ही वेब सीरीज ‘नकाब’ में नजर आने वाली हैं। अपने अब तक के सफर के बारे में बात करते हुए मल्लिका ने कहा, “मैंने काम पाने के लिए हमेशा ऑडिशन दिया है। मैंने कभी भी ऑडिशन से गुजरे बिना कोई फिल्म नहीं की है। यहां तक कि जैकी चैन ने मुझे अपनी फिल्म ‘द मिथ’ में कास्ट करने से पहले कई एक्ट्रेस का ऑडिशन लिया था। मेरे लिए यह प्रक्रिया हमेशा से थी। लेकिन, इंडस्ट्री के बच्चों के लिए इसका सख्ती से पालन नहीं किया जाता है। जब रजत ने मुझे अपनी फिल्म के लिए संपर्क किया था, तो उन्होंने मुझे लुक टेस्ट और स्क्रीन-टेस्ट देने को कहा था। उसके बाद मुझे फिल्म में लिया गया था। तब रजत ने मुझसे कहा था कि अगर मैं टेस्ट में पास नहीं होती हूं, तो मुझे फिल्म में शामिल नहीं किया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *