नई दिल्ली
रिलायंस जियो नेक्स्ट स्मार्टफोन की लॉन्चिंग में देरी हो रही है। कंपनी सेमीकंडक्टर की सप्लाई को मैनेज करने में लगी हुई है। दूसरी ओर जानकारों का कहना है कि फोन में इस्तेमाल होने वाले सेमीकंडक्टर की बाजार में कमी है। इनकी कीमत भी बढ़ रही है, इस वजह से फोन को कम कीमत में बेचना चुनौती भरा होगा।
जियो कंपनी का कहना है कि फोन की लॉन्चिंग लेट होने से इसकी टेस्टिंग अच्छी तरीके से हो पाएगी। साथ ही फोन के फीचर और टेक्निकल कमी को दूर किया जा सकेगा। यदि कीमत के हिसाब से सेमीकंडक्टर की कमी के असर की बात करें तो शुरू में फोन की कम कीमत सबसे ज्यादा प्रभावित करेगी।
देखा जाए तो फोन में इस्तेमाल हो रहे सेमीकंडक्टर की कीमत 20% तक बढ़ गई है। इसके साथ ही सेमीकंडक्टर की उपलब्धता में कमी 8 से 20 हफ्ते तक बनी हुई है। जियो अभी सप्लाई को मैनेज करने में लगी हुई है। फोन लॉन्च भी हो जाता है तो अगले साल तक लिमिटेड स्टॉक में ही मिलेगा।
फोन दिवाली तक हो सकता है लॉन्च
सेमीकंडक्टर की कमी की वजह फोन अब दिवाली के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। जियो ने पहले इसे 10 सितंबर को लॉन्च करने की बात कही थी। कंपनी ने फोने के लेट होने को लेकर कहा है लॉन्चिंग में देरी के बीच मिलने वाला समय सेमीकंडक्टर की कमी को दूर करने में मदद करेगा।
चिप की कमी का फेस्टिव सीजन पर कोई असर नहीं होगा
IDC की रिपोर्ट के अनुसार स्मार्टफोन्स अब लैपटॉप और टीवी की तरह चैलेंज नहीं है। भारत का बाजार विश्व स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। जिसके लिए सभी ब्रांड ने कमर कस ली है और मार्केट के लिए ज्यादा स्टॉक करने की कोशिश कर रहे हैं। ताकि फेस्टिव सीजन में प्रोडक्ट की कमी न हो पाए।