विक्की कौशल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सरदार उधम सिंह’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अब हाल ही में खबर सामने आई है कि डायरेक्टर शूजित सिरकार इस फिल्म को दशहरे के अवसर पर 16 अक्टूबर को रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि मेकर्स इस फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज करेंगे। इस फिल्म में विक्की के अलावा अमोल पाराशर भी लीड रोल में हैं। ‘सरदार उधम सिंह’ इसी नाम के स्वतंत्रता सेनानी की बायोपिक है। सरदार उधम सिंह को 1940 में पंजाब के पूर्व उपराज्यपाल माइकल ओ डायर की हत्या करने के लिए जाना जाता है। हत्या का उद्देश्य क्रूर जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेना था, जो 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर में हुआ था। ‘सरदार उधम सिंह’ पहले जनवरी 2021 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना के कारण ऐसा नहीं हो पाया था।
‘लाल सिंह चड्ढा’ के सेट पर करीना की वापसी, एक्ट्रेस ने शेयर की फोटोज
करीना कपूर खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वे अक्सर अपने फैंस के साथ अपने डेली रूटीन की तस्वीरें और वीडियोज शेयर करती रहती हैं। अब हाल ही में करीना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। जिसमें करीना ने बताया है कि उन्होंने आज से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की शूटिंग फिर से शुरू कर दी है। पोस्ट में उन्होंने फिल्म के सेट से टीम के साथ की कुछ फोटोज भी शेयर की हैं। फोटोज के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “बैक विद माय लव्स।” ‘लाल सिंह चड्ढा’ हॉलीवुड फिल्म ‘फॉरेस्ट गंप’ का ऑफिशियल रीमेक है। अद्वैत चंदन के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में करीना के अलावा आमिर खान, नागा चैतन्य अक्किनेनी और मोना सिंह भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

अमिताभ बच्चन स्टारर ‘ऊंचाई’ में डैनी डेन्जोंगपा और सारिका की एंट्री
अमिताभ बच्चन इन दिनों डायरेक्टर सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फिल्म ‘ऊंचाई’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में अमिताभ के अलावा परिणीति चोपड़ा, अनुपम खेर, बोमन ईरानी और नीना गुप्ता भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। अब खबर सामने आ रही है कि बिग बी की इस फिल्म में डैनी डेन्जोंगपा और सारिका की भी एंट्री हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग अगले महीने यानी अक्टूबर से नेपाल में शुरू होगी। यह फिल्म यह चार दोस्तों की जिंदगी की कहानी है। इन चार दोस्तों की उम्र 60 साल से अधिक है। अमिताभ बच्चन, बोमन ईरानी, अनुपम खेर और डैनी डेन्जोंगपा चार दोस्तों का किरदार निभाएंगे। वहीं नीना गुप्ता, सारिका और परिणीति चोपड़ा फिल्म में तीन महिलाओं के रोल में नजर आएंगी। सूत्र के मुताबिक, इस फिल्म के इंटरनेशनल शेड्यूल को पूरा करने के बाद मुंबई और दिल्ली में छोटे-छोटे शेड्यूल होंगे। ‘ऊंचाई’ को पांच महीने में इन जगहों पर शूट किया जाएगा। मेकर्स ने मार्च 2022 तक इस फिल्म को पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

PM मोदी ने एक लंबा लेटर लिखकर अक्षय की मां के निधन पर शोक जताया
एक्टर अक्षय कुमार की मां अरुणा भाटिया का 8 सितंबर को निधन हो गया था। इसके बाद फैंस समेत कई सेलेब्स ने अक्षय की मां को श्रद्धांजलि दी थी। अब हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक लंबा लेटर लिखकर अक्षय की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया है। इस बात की जानकारी अक्षय ने PM मोदी द्वारा भेजे गए लेटर को सोशल मीडिया पर शेयर कर दी है। इसके कैप्शन में अक्षय ने लिखा, “मां के निधन के बाद मिले सभी शोक संदेशों के लिए आप सभी का आभारी हूं। मेरे और मेरे दिवंगत माता-पिता के लिए समय निकालने और अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री का आभारी हूं। ये सुकून देने वाले शब्द हमेशा मेरे साथ रहेंगे, जय अम्बे।”
पीएम मोदी का लेटर –
लेटर में पीएम मोदी ने लिखा, “मेरे प्रिय अक्षय, यह सबसे अच्छा होता, अगर मैं ऐसा पत्र कभी नहीं लिखता। एक आदर्श दुनिया में ऐसा समय कभी नहीं आना चाहिए था। आपकी माता जी अरुणा भाटिया के निधन की खबर सुनकर मुझे दुख हुआ। आपने बहुत मेहनत और संघर्ष के बाद सफलता का स्वाद चखा है। आपने अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत से अपना नाम बनाया है और अपने लिए फेम कमाया है। अपने सफर में, आपने सही मूल्यों और नैतिक शक्ति को बनाए रखा, जिससे आप आसानी से विपरीत परिस्थितियों को अवसरों में बदल सकते हैं और ये सीख आपके माता-पिता से मिली है। जब आपने अपना करियर शुरू किया, तो मुझे यकीन है कि रास्ते में आने वाले लोगों को संदेह हुआ होगा, लेकिन आपकी मां चट्टान की तरह आपके साथ खड़ी रहीं, उन्होंने सुनिश्चित किया कि आप हर समय दयालु और विनम्र बने रहें। खुशी की बात यह है कि उन्होंने अपने जीवन के दौरान आपको सफलता और स्टारडम की नई ऊंचाइयों को छूते देखा। आपने जिस तरह से उनकी देखभाल की, वे बेहद प्रेरणादायक है, उन्होंने पूरी तरह से यह जानकर दुनिया छोड़ दी कि उनका प्यारा बेटा भारत के सबसे प्रशंसित और बहुमुखी अभिनेताओं में से एक है। ऐसे दुख की घड़ी में शब्द कम पड़ जाते हैं, उनकी यादों और विरासत को संजोकर रखें और उसे गौरवान्वित करते रहें। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं।”