धान की सरकारी खरीद की मांग, जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
by seemasandesh
संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने कलक्टर के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पीआर धान सहित समस्त धान की सरकारी खरीद करने व बारिश के कारण नरमा फसल हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मांगों के संबंध में जिला कलक्टर के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि हनुमानगढ़ जिले में घग्घर बहाव क्षेत्र में धान ही किसानों की मुख्य फसल है। इस वर्ष भी हनुमानगढ़ क्षेत्र में 33 हजार हैक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में धान की बुवाई हुई है। हरियाणा-पंजाब में सरकार धान की खरीद करती है। हनुमानगढ़ में भी 2008-09 तक सरकार न्यूनतम मूल्य पर खरीद करती रही है। धान का समर्थन मूल्य 1960 रुपए प्रति क्विंटल है। यहां कोई खरीददार नहीं होने से प्रति बीघा आठ से दस हजार रुपए का किसान को नुकसान उठाना पड़ता है। इसके कारण धान की बुवाई कम की जा रही है। इसी तरह नरमा तो पूरे जिले की प्रमुख फसल है। नहरी क्षेत्र में सिर्फ घग्घर बेल्ट को छोड़कर सिर्फ नरमा ही किसान का आधार है, परन्तु इस वर्ष बरसात के कारण नरमा, ग्वार व मूंग की फसल में भारी नुकसान हुआ है। कम से कम करीब 10 से 15 हजार रुपए प्रति बीघा का नुकसान किसान को झेलना पड़ा है। संयुक्त किसान मोर्चा ने धान की खरीद अविलम्ब न्यूनतम समर्थन पर शुरू करने व बारिश के कारण खराब हुई नरमे की फसल का अविलम्ब सर्वे करवाकर मुआवजा दिलवाए जाने की मांग की। इस मौके पर रामेश्वर वर्मा, रेशम सिंह मानुका, मोहन लोहरा, जगजीत सिंह जग्गी, सरपंच रमनदीप कौर, राजेन्द्र भाम्भू, लखवीर सिंह आदि मौजूद थे।