Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पंजाब कांग्रेस का विवाद सुलझाएंगे माकन-हरीश चौधरी:हाईकमान ने अजय माकन और हरीश चौधरी को विधायक दल की बैठक में ऑब्जर्वर बनाकर भेजा, कैप्टन को लेकर विधायकों की लेंगे राय

जयपुर

पंजाब कांग्रेस में चल रही खींचतान से सियासी संकट पैदा हो गया है। पंजाब में 40 विधायक कैप्टन अमरिंदर सिंह से नाखुश है। आज शाम 5 बजे विधायकों की बैठक बुलाई है। विधायक दल की बैठक में कांग्रेस ​हाईकमान ने राजस्थान प्रभारी अजय माकन और राजस्थान के राजस्व मंत्री हरीश चौधरी को ऑब्जर्वर बनाकर भेजा है।

हरीश चौधरी और अजय माकन चंडीगढ़ में हैं। पंजाब के प्रभारी हरीश रावत के साथ अजय माकन और हरीश चौधरी चंडीगढ़ में होने जा रही कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मौजूद रहे।

विधायकों से हो सकती है वन टू वन चर्चा
राजस्थान के राजस्व मंत्री हरीश चौधरी एआईसीसी सचिव रहते हुए पंजाब के प्रभारी रह चुके हैं। चुनावों से लेकर सरकार बनने तक लंबे समय प्रभारी रहने के कारण हरीश चौधरी के पंजाब कांग्रेस के नेताओं से अच्छे संपर्क हैं। पंजाब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। अमरिंदर के इस्तीफे के बाद पंजाब कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री को लेकर विधायकों से राय ली जा सकती है। हरीश चौधरी और अजय माकन विधायकों से वन टू वन चर्चा भी कर सकते हैं।

माकन और हरीश चौधरी देंगे हाईकमान को रिपोर्ट
पंजाब कांग्रेस में सियासी संकट पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। नवजोत सिंह सिद्धू खेमे से जुड़े विधायक कैप्टन को सीएम पद से हटाना चाहते थे,आज कैप्टन के इस्तीफे के बाद अब मुख्यमंत्री के चयन और नई कैबिनेट पर चर्चा होनी है। अजय माकन और हरीश चौधरी पूरे हालात पर हाईकमान को अलग से फीडबैक दे रहे हैं। यह भी संयोग है कि अजय माकन को राजस्थान में पिछले साल सचिन पायलट की बगावत के बाद सियासी संकट के समय भी हाईकमान ने राजस्थान भेजा था। अब पंजाब के सियासी संकट के वक्त भी हरीश चौधरी के साथ माकन को पंजाब भेजा गया है। दोनों नेता पंजाब में विधायकों की राय और वहां के हालात पर हाईकमान को रिपोर्ट देंगे । हाईकमान ने दोनों नेताओं को सहमति बनाने का जिम्मा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *