Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पाकिस्तान को फिर बड़ा झटका:इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों से पुरुष और महिला टीमों का दौरा रद्द किया, कहा- खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे अहम

लंदन

पाकिस्तान क्रिकेट को एक और बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा रद्द कर दिया है। इंग्लैंड की पुरुष और महिला दोनों टीमों को अक्टूबर में पाकिस्तान में सीरीज खेलने जाना था। तीन दिन पहले न्यूजीलैंड की टीम सिक्योरिटी अलर्ट मिलने के बाद पहले मैच से ठीक पहले दौरा रद्द कर वापस लौट गई थी। पाकिस्तान में सुरक्षा का जायजा लेने के लिए न्यूजीलैंड और इंग्लैंड ने एक ही सुरक्षा टीम से कॉन्ट्रैक्ट किया था।

13 और 14 अक्टूबर को होने थे टी-20 मुकाबले
इंग्लैंड की पुरुष और महिला दोनों टीमें 13 और 14 अक्टूबर को पाकिस्तान की पुरुष और महिला टीमों के साथ दो-दो टी-20 मैच खेलने वाली थी। ये सभी मुकाबले रावलपिंडी में होने थे। इसके बाद इंग्लैंड की पुरुष टीम को लौटना था, लेकिन महिला टीम 17 से 21 अक्टूबर तक 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलने के लिए रुकने वाली थी।

खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे अहम
ECB ने अपने मैसेज में कहा है- हम पाकिस्तान में अपनी पुरुष और महिला टीमें भेजने वाले थे, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए हमें न चाहते हुए भी दौरा रद्द करना पड़ रहा है। ECB के लिए अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा और उनकी मानसिक और शारीरिक सेहत सर्वोपरि है। मौजूदा माहौल में उन्हें दुनिया के ऐसे हिस्से में नहीं भेजा जा सकता है जहां उन पर अतिरिक्त दबाव पड़े। कोरोना के कारण हमारे खिलाड़ी पहले ही काफी तनाव से गुजरे हैं।

TTP के हमले की आशंका थी
अफगानिस्तान में तालिबान के काबिज होने पर पाकिस्तान में जश्न का माहौल था, लेकिन अफगान तालिबान नजदीकी संबंध रखने वाले तहरीक-ऐ-तालिबान पाकिस्तान ने पाकिस्तान में हमले तेज कर दिए हैं। माना जा रहा है कि यह संगठन न्यूजीलैंड की टीम पर भी हमला करने की फिराक में थी। यह भी कहा जा रहा है कि न्यूजीलैंड को यह सिक्योरिटी अलर्ट इंग्लैंड की खुफिया एजेंसी MI6 ने दिया था। जब न्यूजीलैंड का दौरा रद्द हुआ तभी आशंका जताई जा रही थी कि इंग्लैंड की टीम भी पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *