IPL के फेज 2 में सनराइजर्स हैदराबाद यानी SRH पहला मैच खेलने आई तो डेविड वार्नर की बेटी ने पापा को एक वीडियो बनाकर गुड लक कहा। बेटी के मैसेज को वार्नर की पत्नी कैंडिक वार्नर ने ट्वीट किया, लेकिन वार्नर की बैटिंग पर इसका कोई असर नहीं दिखा।
दिल्ली कैपिटल्स यानी DC के खिलाफ टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला करने वाली SRH के सलामी बल्लेबाज वार्नर खुद पहली गेंद का सामने करने पहुंच गए। उनके सामने थे एनरिच नोर्खिया। उन्होंने पहली गेंद 141 की रफ्तार से फेंकी, दूसरी 142 और तीसरी 146 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से।
वार्नर शुरुआती दो गेंद भी ठीक से नहीं खेल पाए, जबकि तीसरी में तो वो एकदम चूक गए। कमर की ऊंचाई पर आ रही गेंद को वार्नर ऑन साइड पर खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद उनके बैट के ऊपरी हिस्से यानी ग्लव्स के ठीक नीचे लगकर ऑफ साइड में पॉइंट पर खड़े अक्षर पटेल के हाथों में चली गई, जिसे उन्होंने लपक लिया।

वार्नर मैच से पहले प्रैक्टिस में भी दौड़ते-भागते नजर आए।
फिर वार्नर बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। ये बात उनकी बेटी को कतई अच्छा नहीं लगी होगी, जिसने मैच से 4 घंटे पहले वीडियो मैसेज देकर पापा को गुड लक कहा था। बेटी ने मैसेज में कहा था- ‘मैं उम्मीद करती हूं कि आज रात आप जीतेंगे। मैं आपके अच्छे भाग्य की कामना करती हूं।’ हालांकि ये मैसेज काम नहीं आया।
इसी तरह जब पिछली बार IPL चल रहा था, तब वार्नर की दोनों बेटियों ने पापा के लिए ऐसा ही मैसेज दिया था। फिलहाल वार्नर और उनकी टीम दोनों ही बेटियों को निराश कर रही है। पॉइंट टेबल में SRH अभी 8वें नंबर पर है।