Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सरपंच पुत्र सहित अन्य पर गाली-गलौज करने का आरोप

  • मुकदमा दर्ज करने के लिए वार्ड पंच पति ने पुलिस थाना में सौंपा परिवाद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    विवादित प्लॉट में घुसकर वहां रखा सामान उठाकर ले जाकर पानी में फेंकने व विरोध करने पर गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाते हुए बुजुर्ग वार्ड पंच पति ने सरपंच पुत्र सहित कइयों के खिलाफ जंक्शन पुलिस थाना में परिवाद सौंप मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत 2 केएनजे निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग मंगतूराम पुत्र मघाराम जाट ने बताया कि वह अपने रिहायशी मकान के सामने पशु बांधने के लिए व लकड़ी, थेपड़ी वगैरा रखने के लिए खाली जगह का उपयोग करता है। उसने घरेलू उपयोग के लिए खाली जगह पर थेपड़ी के बटोड़े बना रखे हैं। उक्त खाली जगह के कब्जा संबंधी विवाद न्यायालय में चल रहा है। 14 सितम्बर को शाम करीब 5.30 बजे वह अपने घर पर था। उस समय रतन, बेलीराम, शंकर, बंटी आदि एकराय होकर घर के सामने विवादित जगह में घुस गए। प्लॉट में रखी हुई लकड़ी, थेपड़ी आदि सामान उठाकर रेलवे लाइन के पास पड़े पानी में फेंकने लगे। जब उसने व उसके परिवार के सदस्यों की ओर से रतन वगैरा को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने उससे व उसके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की। इस घटनाक्रम की वीडियो उनके पास है। मंगतूराम के अनुसार रतन वर्तमान सरपंच जीवनी देवी का पुत्र है और अपने राजनैतिक प्रभाव के कारण उसके साथ प्लॉट को लेकर आए दिन झगड़ा-फसाद करता रहता है। परिवादी की पत्नी कलावती देवी भी इसी पंचायत में वार्ड पंच के पद पर है। गाली-गलौज करने वाले बदमाश किस्म के व्यक्ति हैं। वे उसे व उसके परिवार के सदस्यों को जान-माल का नुकसान पहुंचा सकते हैं व कभी भी किसी प्रकार की अनहोनी घटना घटित होने की सम्भावना है। इसलिए इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *