एअर इंडिया के एक प्लेन की शुक्रवार को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह विमान चेन्नई से अंडमान जा रहा था। उड़ान भरने के 60 मिनिट बाद इसमें तकनीकी खराबी आ गई। विमान में 123 यात्री सवार थे। राहत की बात यह है कि प्लेन में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
पान मसाले का एड कर विवादों से घिरे अमिताभ बच्चन

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन पान मसाले का एड कर विवादों से घिर गए हैं। अपने पसंदीदा एक्टर को पान मसाले का प्रमोशन करते देख लोग भड़के हुए हैं। अब इस मामले में नेशनल एंटी-टोबैको ऑर्गेनाइजेशन ने भी हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया है। इसकी ओर से बिग बी को ऑफिशियल लेटर भेजा गया है, जिसमें उनसे जल्द से जल्द इस एड कैंपेन को छोड़ने की बात कही गई है।
इस साल 70,000 तक जा सकता है सेंसेक्स
भारतीय शेयर बाजार ने वित्त वर्ष 2021-22 की दूसरी तिमाही यानी सितंबर खत्म होने से पहले ही नया इतिहास रच दिया है। सेंसेक्स ने ये अकेला रिकॉर्ड नहीं बनाया है। कई और भी रिकॉर्ड हैं जो इसके साथ जुड़ गए हैं। सेंसेक्स ने 10,000 पाइंट्स यानी 50,000 से 60,000 तक का सफर सिर्फ 161 दिनों में पूरा किया। जबकि 40,000 से 50,000 तक जाने में इसने 415 दिन लगाए थे।
22,000 करोड़ की मिलिट्री एयरक्राफ्ट डील को सरकार ने मंजूरी दी
रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को स्पेन की एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ करीब 22,000 करोड़ रुपए के सौदे पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत भारत 56 ‘C-295′ मीडियम ट्रांसपोर्ट विमान खरीदेगा। ये विमान भारतीय वायु सेना के एवरो-748 विमानों की जगह लेंगे। एयरबस डिफेंस एंड स्पेस 48 महीनों के भीतर उड़ान में सक्षम 16 विमानों को सौंपेगी। बाकी के 40 विमानों का निर्माण भारत में होगा। सुरक्षा पर मंत्रिमंडल की समिति ने लंबे समय से अटके इस सौदे को दो हफ्ते पहले मंजूरी दी थी। टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा ने ऐतिहासिक करार पर हस्ताक्षर करने पर एयरबस डिफेंस, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और रक्षा मंत्रालय को बधाई दी।
पहली बार सेंसेक्स 60000 और निफ्टी 17850 के पार बंद
हफ्ते के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को बाजार मजबूती के साथ खुले। बाजार खुलते ही सेंसेक्स ने नया इतिहास रच दिया है। सेंसेक्स पहली बार 60100 के पार खुला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 60,333 का और निफ्टी ने 17,947 का स्तर छुआ और अंत में सेंसेक्स 163 पॉइंट चढ़कर 60,048 पर और निफ्टी 30 पॉइंट चढ़कर 17,853 पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स 60,158 और निफ्टी 17,897 पर खुला था।
IAEA के लिए एक्सटर्नल ऑडिटर बनेगा भारत
भारत को 2022 से 2027 तक के लिए अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के लिए एक्सटर्नल ऑडिटर के रूप में चुना गया है। वियना में भारत के स्थायी मिशन ने इसकी जानकारी दी है।
महंत नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में CBI ने केस दर्ज किया

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में CBI ने केस दर्ज कर लिया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को इस केस की जांच CBI से कराने की सिफारिश की थी। महंत नरेंद्र गिरि की मौत पर सस्पेंस बना हुआ है। इस मामले में महंत के शिष्य आनंद गिरि, लेटे हनुमान मंदिर के पुजारी आद्या प्रसाद तिवारी और उनके बेटे संदीप तिवारी को गिरफ्तार किया जा चुका है। महंत नरेंद्र गिरि को बुधवार को समाधि दिए जाने के बाद पुलिस ने उनके कथित सुसाइड नोट में उत्तराधिकारी बताए गए बलबीर से भी लंबी पूछताछ की थी।
कार के इंजन में बड़े बदलाव की तैयारी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि वह अगले तीन से चार महीने में कार के इंजन में बदलाव को लेकर आदेश जारी करेंगे। इसके तहत सभी वाहन निर्माताओं को फ्लेक्स इंजन यानी वैकल्पिक ईंधन वाले इंजन के वाहनों की मैन्युफैक्चरिंग को अनिवार्य कर दिया जाएगा। गडकरी करीब 2 साल से कार कंपनियों से फ्लेक्स इंजन बनाने की अपील कर रहे थे, लेकिन इसे अनिवार्य नहीं किया गया था। अब पहली बार इस तरह के इंजन के लिए आदेश जारी करने की तैयारी है।
दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में गैंगवॉर, गैंगस्टर जितेंद्र गोगी समेत 3 की मौत

दिल्ली के रोहिणी कोर्ट परिसर में शुक्रवार को गैंगवॉर हुआ। बदमाशों ने गोली मारकर दिल्ली के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की हत्या कर दी। इस गैंगवॉर में गोगी समेत कुल तीन लोग मारे गए हैं। फायरिंग में 3 से 4 लोग घायल भी हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, गोगी पेशी के लिए कोर्ट में आया था, जहां वकील की यूनिफॉर्म में आए दो बदमाशों ने उसपर फायरिंग की।
PM मोदी 10 अक्टूबर से पहले केदारनाथ की यात्रा कर सकते हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अक्टूबर से पहले उत्तराखंड के केदारनाथ की यात्रा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के दौरे की संभावित तारीख 6 अक्टूबर मानी जा रही है। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, PM मोदी 10 अक्टूबर से पहले केदारनाथ जाएंगे। वह वहां राज्य के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। अपने कार्यकाल के दौरान मोदी की यह दूसरी मंदिर यात्रा होगी, आखिरी बार वह 2019 में केदारनाथ गए थे। मालूम हो कि दिवाली के बाद अगले 6 महीने तक केदारनाथ भक्तों के लिए बंद रहेगा।
निर्मला सीतारमण बोली- जनधन खाते में 1 लाख करोड़ से ज्यादा जमा
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जनधन खाते में 1 लाख करोड़ से ज्यादा जमा है। इससे 80 करोड़ से अधिक लोगों को फायदा मिल रहा है। 40 करोड़ से अधिक अकाउंट हैं। मुद्रा लोन मिल रहा है। हर जिले में जहां भी बैंक की शाखा है, वहां एक SC, एक ST, एक महिला को हर शाखा स्टार्टअप लोन दे रहे हैं।
गोपनीय रिपोर्ट लीक करने से CCI का इनकार

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने गूगल की ओर से लगाए गए गोपनीय रिपोर्ट लीक करने के आरोप से इनकार किया है। शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट में CCI की ओर पेश हुए ASG एन वेंकटरमन ने इस आरोप का खंडन किया। उन्होंने कहा कि गूगल को उन मीडिया घरानों पर मुकदमा करना चाहिए जिन्होंने तथाकथित गोपनीय रिपोर्ट पब्लिश की।
दरअसल, गूगल ने इसी महीने कंपनी के एंड्रॉयड स्मार्टफोन की डील को लेकर चल रही जांच रिपोर्ट को CCI को सौंपी थी, जिसे मीडिया में लीक कर दिया गया। 23 सितंबर को गूगल ने इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में CCI के खिलाफ रिट याचिका दायर की थी। गूगल का कहना है कि इससे उसे और उसके पार्टनर की छवि को नुकसान हुआ।
CCI वेब सर्च मार्केट में गूगल के एकाधिकार को लेकर भी जांच कर रहा है। साथ ही CCI के निशाने पर गूगल के स्मार्टफोन OS और स्मार्ट टीवी OS भी हैं, क्योंकि तमाम कंपनियां एंड्रॉयड OS के अलावा एंड्रॉयड टीवी OS का इस्तेमाल कर रही हैं जो कि गूगल का ही है। इस मामले में भी गूगल के एकाधिकार को लेकर जांच संभव है।
गंभीर कोरोना रोगियों के लिए एंटीबॉडी इलाज की सिफारिश
कोरोना वायरस से संक्रमित हाई रिस्क वाले पीड़ितों या गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को दो एंटीबॉडी का कॉम्बिनेशन दिया जाना चाहिए। BMJ में शुक्रवार को प्रकाशित विश्व स्वास्थ्य संगठन की नई गाइडलाइन में इसकी सिफारिश की गई है। WHO गाइडलाइन डेवलपमेंट ग्रुप (GDG) पैनल ने कोरोना के रोगियों के दो विशेष समूहों के लिए Casirivimab और Imdevimab के कॉम्बिनेशन से इलाज की सलाह दी है।
हाथरस रेप पीड़िता के घर ठहरे भीम आर्मी प्रमुख

हाथरस में देर रात भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर रेप पीड़िता के घर पहुंचे। जहां उन्होंने पूरी रात पीड़िता के घर में गुजारी। चंद्रशेखर का कहना है कि साल भर में सरकार पीड़िता से किए गए वादों को भूल गई है। उसके घर के एक सदस्य को न नौकरी मिली न ही मकान दिया गया। पीड़िता के घर तक आने वाली सड़क भी जर्जर हालत में है। घर के बगल में कूड़े का ढेर लगा हुआ है।
चलती बस में गोली चलने से CRPF जवान की मौत
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में चलती बस में शुक्रवार सुबह गोली चलने से एक CRPF जवान की मौत हो गई। गोली जवान की ही राइफल से चली। बताया जा रहा है कि अचानक ट्रिगर दबने के कारण हादसा हुआ है। इस घटना में एक अन्य जवान के भी घायल होने की सूचना है। जवान के शव को आवापल्ली अस्पताल में लाया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में अन्य यात्री भी सवार थे। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
UP में भाजपा-निषाद पार्टी का गठबंधन
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बड़ा दांव खेल दिया है। निषाद पार्टी को साथ लेने के साथ ही चुनावों में सीटों के बंटवारे पर भी सहमति बन चुकी है। भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और सह-प्रभारियों के साथ दो दिन चली लंबी बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को कहा कि अपना दल भी हमारे साथ है। वहीं, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद लखनऊ में BJP दफ्तर पहुंचे। निषाद ने कहा कि विलय नहीं करेंगे, निषाद पार्टी अलग से अपने पार्टी चिन्ह से चुनाव लड़ेगी।
जंतर-मंतर पर भड़काऊ नारेबाजी का मामला, प्रीत सिंह को जमानत मिली
दिल्ली हाईकोर्ट ने जंतर मंतर पर एक समुदाय के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के मामले में आरोपी प्रीत सिंह को जमानत दे दी। प्रीत सिंह को गिरफ्तारी के बाद 10 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। प्रीत सिंह पर 8 अगस्त को जंतर-मंतर पर आयोजित रैली के दौरान भड़काऊ नारेबाजी करने का आरोप है।
महाराष्ट्र में अब 8 घंटे की ड्यूटी करेंगी महिला पुलिसकर्मी
महाराष्ट्र सरकार ने महिला पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत दी है। राज्य में महिला पुलिसकर्मियों के काम के घंटे 12 घंटे से घटाकर 8 घंटे करने का फैसला किया है। महाराष्ट्र के DGP संजय पांडेय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
अमेरिका में फायरिंग में 1 की जान गई, 12 घायल

अमेरिका के टेनेसी में एक सुपरमार्केट में गुरुवार को एक हमलावर ने ओपन फायर किया। इसमें एक शख्स को सिर पर गोली लगी और उसकी मौत हो गई। दूसरे शख्स को पेट में गोली लगी। इसके बाद हमलावर ने खुद को भी शूट कर दिया। इस हमले में 12 लोग जख्मी हुए हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने भागकर और फ्रीजर में छुपकर अपनी जान बचाई।
250 करोड़ की प्याज पर किसानों ने चला दिया ट्रैक्टर
अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के कारण भारत में प्याज के मार्केट में इस बार बूम आने की संभावना थी। किसानों ने भी हजारों हेक्टेयर में प्याज बो दी। अब सितंबर माह में बारिश की कई बार झड़ी लगी रही। लगातार बारिश से अकेले अलवर जिले में करीब 250 करोड़ की प्याज की फसल में जलेबी रोग लग गया। कई जगह तो किसानों ने खड़ी खेती पर ट्रैक्टर चला दिए। मतलब प्याज को नष्ट कर दिया।
टॉप अमेरिकी CEOs से मोदी की मुलाकात
अमेरिका के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां की 5 दिग्गज कंपनियों के CEOs से बात की। इनमें क्वालकॉम, ब्लैकस्टोन ग्रुप, एडॉब, फर्स्ट सोलर, जनरल एटॉमिक्स के CEO शामिल हैं। मोदी ने दिग्गज अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी क्वालकॉम के CEO क्रिस्टियानो अमान को भारत में मिलने वाले अवसरों के बारे में बताया। क्वालकॉम के CEO ने भारत में 5G सहित कई क्षेत्रों में मिलकर काम करने की इच्छा जताई। कंपनी के चिपसेट मोबाइल गेमिंग और 5जी टेक्नोलॉजी के मामले में कंज्यूमर्स की पॉपुलर चॉइस हैं।