केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रोम जाने की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। CM ममता इस साल अक्टूबर में वेटिकन में होने वाले विश्व शांति सम्मेलन में भाग लेने जाने वाली थीं। इस सम्मेलन में जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल, पोप फ्रांसिस और इटली के प्रधानमंत्री मारियो ड्रैगी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम मदर टेरेसा पर केंद्रित होगा।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवाती तूफान गुलाब को लेकर यलो अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में चक्रवाती तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से शनिवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है, इसके चलते अगले 12 घंटे में तूफान तेज हो सकता है। तटीय इलाकों में हवा की रफ्तार बढ़ गई है। इस चक्रवात को गुलाब नाम दिया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान की वजह से पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। कोलकाता पुलिस ने यूनिफाइड कमांड सेंटर नाम से कंट्रोल रूम खोला है। इलाके के सभी पुलिस थानों और संभागों को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। IMD के मुताबिक, अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात और गोवा में तेज बारिश होने की आशंका है।
NCB ने अर्जुन रामपाल की प्रेमिका के भाई को गिरफ्तार किया
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल की प्रेमिका गैब्रिएला डेमेट्रियड्स के भाई को गोवा से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी ड्रग्स के मामले में हुई है। NCB ने चरस भी जब्त किया है।
28 सितंबर को कांग्रेस में शामिल होंगे कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवानी
CPI नेता कन्हैया कुमार और RDAM विधायक जिग्नेश मेवानी 28 सितंबर को कांग्रेस में शामिल होंगे। कन्हैया कुमार बिहार के बेगूसराय से हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में वह BJP के गिरिराज सिंह से हार गए। बेगूसराय में भूमिहार मतदाताओं की तादाद सबसे ज्यादा है और कन्हैया कुमार भी भूमिहार हैं। वहीं, दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले जिग्नेश मेवानी गुजरात से निर्दलीय विधायक हैं। गुजरात में 7% दलित हैं और उनके लिए 13 सीट आरक्षित हैं।
कार डिजाइनर दिलीप छाबड़िया का बेटा गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने शनिवार को कॉमेडियन कपिल शर्मा की शिकायत पर दर्ज धोखाधड़ी के मामले में कार डिजाइनर दिलीप छाबड़िया के बेटे बोनिटो छाबड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों ने इस मामले में बोनिटो को पूछताछ के लिए बुलाया था। उन्होंने बताया कि पूछताछ के बाद छापड़िया को गिरफ्तार किया गया।
सरकारी स्कूल का टीचर निकला हिस्ट्रीशीटर
REET से पहले फर्जीवाड़े में नई परत खुलती जा रही है। परीक्षा में डमी अभ्यर्थियों को बैठाने की पूरी तैयारी थी। इससे पहले ही पुलिस ने मास्टरमाइंड आरोपी टीचर को पकड़ लिया। सरकारी स्कूल का आरोपी टीचर बाड़मेर जिले का हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ वाहन चोरी, मारपीट सहित करीब 25 मामले दर्ज है। आरोपी टीचर ने दो शादियां कर रखी हैं। एक पत्नी ग्राम विकास अधिकारी है और दूसरी पत्नी नर्स है।
गुजरात के डायमंड ग्रुप पर आयकर विभाग की छापेमारी

आयकर विभाग ने गुजरात के एक प्रमुख हीरा निर्माता और निर्यातक के यहां छापेमारी कर करोड़ों रुपए की कर चोरी पकड़ी है। 22 सितंबर को गुजरात के सूरत, नवसारी, मोरबी और वांकानेर (मोरबी) और महाराष्ट्र के मुंबई में ग्रुप के 23 परिसरों में तलाशी शुरू की गई। छापेमारी अभी भी जारी है। जांच में पता चला कि छोटे पॉलिश किए गए हीरों की बेहिसाब खरीद और बिक्री हुई है, जिसकी कीमत करीब 518 करोड़ रुपए है।
राजनाथ सिंह बोले- अफगानिस्तान की घटनाओं से वास्तविकता उजागर हुई
NDC के दीक्षांत समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत के लिए श्रीकृष्ण ज्ञान, बुद्धिमत्ता, शासनकला को साथ लाए। हमारा मकसद राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रणनीतिक संबंध बनाना है। ये सिद्धांत रणनीतिक सोच के मूलतत्व हैं। ये प्राचीन काल में उतने प्रासंगिक थे, जितने आज की चुनौतियों से पार पाने के लिए हैं। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में हाल की घटनाओं ने हमारे समय की वास्तविकता को उजागर किया है। उभरते भू-राजनीति के बारे में एकमात्र निश्चितता इसकी अनिश्चितता है।
अमित शाह बोले- सहकारिता आंदोलन भारत के ग्रामीण समाज की प्रगति करेगा
गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि सहकारिता आंदोलन भारत के ग्रामीण समाज की प्रगति करेगा और एक नई सामाजिक पूंजी की अवधारणा भी खड़ी करेगा। भारत की जनता के स्वभाव में सहकारिता घुल मिल गई है, ये कोई उधार लिया विचार नहीं है। भारत में सहकारिता आंदोलन कभी भी अप्रासंगिक नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि PM मोदी के नेतृत्व में बना भारत सरकार का सहकारिता मंत्रालय सब राज्यों के साथ सहकार करके चलेगा, ये किसी से संघर्ष करने के लिए नहीं बना है। मोदी 2021-22 में नई सहकार नीति लाएंगे।
अनुराग ठाकुर ने सबसे ऊंचे रेडियो स्टेशन पर हाई पावर ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कारगिल के हम्बोटिंग में दुनिया के सबसे ऊंचे रेडियो स्टेशन पर हाई पावर ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया। समुद्र तल से 13,300 फीट की ऊंचाई पर ऑल इंडिया रेडियो एफएम रेडियो स्टेशन और दूरदर्शन के प्रत्येक 10kW हाई पावर ट्रांसमीटर बने हैं, जिनसे कारगिल और बटालिक सेक्टर में प्रसारण में सुधार होगा। लेह में ट्रांसमीटर 3501 मीटर (करीब 11,450 फीट) की ऊंचाई पर है।
अरुणाचल प्रदेश में 4.5 तीव्रता का भूकंप
अरुणाचल प्रदेश के पंगिन में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.5 रही। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, आज सुबह 10:11 बजे भूकंप के झटके से धरती कांपी। अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
देश में बीते 24 घंटे में 29,616 कोरोना केस मिले

देश में बीते 24 घंटे में 29,616 कोरोना केस मिले और 290 पीड़ितों की मौत हुई। इस दौरान 28,046 लोग ठीक हुए। फिलहाल रिकवरी रेट 97.78% है। केरल के हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं। यहां शुक्रवार को 17,983 मामले मिले और 127 मरीजों ने दम तोड़ दिया। देश में 3.01 लाख एक्टिव केस हैं और 3.28 करोड़ लोग रिकवर हुए हैं। अब तक 4.46 लाख की मौत हो चुकी है।
DGP संजय पांडे ने परमबीर सिंह को सस्पेंड करने का प्रस्ताव भेजा
महाराष्ट्र के DGP संजय पांडे ने राज्य के गृह विभाग को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त और होमगार्ड डिपार्टमेंट के वर्तमान DG परमबीर सिंह को सस्पेंड करने का प्रस्ताव भेजा है। बता दें कि परमबीर के खिलाफ रंगदारी को लेकर पांच अलग-अलग FIR दर्ज हैं। उन्हें सस्पेंड करने के लिए इसी को आधार बनाया गया है। DGP पांडे ने इसके अलावा उन सभी पुलिसकर्मियों को भी हटाने का प्रस्ताव भेजा है जिनके नाम उस FIR में हैं। हालांकि, गृह विभाग ने फिलहाल प्रस्ताव को ठुकराते हुए उनसे और अधिक जानकारी मांगी गई है।
दुष्कर्म मामले में आरोपी LJP सांसद प्रिंस राज की जमानत पर आज फैसला
दिल्ली की एक अदालत शनिवार को लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के सांसद प्रिंस राज की तरफ से दायर याचिका पर अपना आदेश सुनाएगी। प्रिंस राज ने दुष्कर्म के एक मामले में अग्रिम जमानत की अर्जी दी है। इससे पहले राउज एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश विकास ढल की अदालत ने गुरुवार को प्रिंस राज की अग्रिम जमानत याचिका पर उनके वकील और दिल्ली पुलिस की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। बहस के दौरान पुलिस ने अर्जी का विरोध किया और राज को हिरासत में लेकर पूछताछ की मांग की थी।
जयपुर में सड़क हादसे में 6 की मौत

जयपुर के चाकसू में शनिवार सुबह NH-12 निमोडिया मोड़ पर ट्रक और वैन की भिड़ंत में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 5 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को चाकसू के सैटेलाइट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ये सभी लोग बारां से सीकर रीट की परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। वैन में करीब 11 लोग सवार थे। सभी बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र के गौरधनपुरा नयापुरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 5.2 तीव्रता का भूकंप
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कैंपबेल खाड़ी के पास शुक्रवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.2 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, कल देर शाम 8:35 बजे भूकंप के झटके से धरती कांपी। अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
सम्राट मिहिर भोज पर चंबल में बवाल
सम्राट मिहिर भोज की जाति को लेकर चंबल में आक्रोश फैल गया है। शुक्रवार शाम को भिंड के मालनपुर में कुछ लोगों ने तीन बसों में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर सभी आला अधिकारी पहुंच गए हैं। भारी बल को बुलाया गया है। SDOP नरेंद्र सोलंकी का कहना है कि गुर्जर युवकों द्वारा तोड़फोड़ की गई है। सम्राट मिहिर भोज की जाति को लेकर ग्वालियर और मुरैना में दो वर्गों के बीच संघर्ष बढ़ने लगा है। सम्राट को अपनी-अपनी जाति और वंश का बताकर गुर्जर और क्षत्रिय आमने-सामने आ गए हैं।
पंजाब कैबिनेट विस्तार पर कनफ्यूज कांग्रेस हाईकमान
पंजाब कैबिनेट के विस्तार को लेकर कांग्रेस हाईकमान कनफ्यूज हो गया है। 3 बार बैठक के बाद भी मंत्रियों की लिस्ट फाइनल नहीं हो सकी। राहुल गांधी के घर शुक्रवार रात फिर 2 बजे तक 4 घंटे मंथन चला। इसमें सबसे बड़ा खतरा अब कैप्टन अमरिंदर सिंह बने हुए हैं। हाईकमान इस बात से आशंकित है कि अगर पुराने मंत्रियों को हटाया तो वे कैप्टन के साथ मिल सकते हैं। इससे कैप्टन का ग्रुप मजबूत हो जाएगा।